रतलाम के आसाराम नगर में चड्डी-बनियान गैंग का आतंक, दो सूने मकानों को बनाया निशाना

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

रतलाम के आसाराम नगर में चड्डी-बनियान गैंग का आतंक, दो सूने मकानों को बनाया निशाना

25 मिनट में घर खंगालकर 60 हजार से अधिक नकदी और सोने-चांदी के जेवर ले गए बदमाश, दूसरे मकान से मंगलसूत्र चोरी

रतलाम- (एमपी की खबर) आसाराम नगर में गुरुवार रात चड्डी-बनियान गैंग ने चोरी की दो वारदातों को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। बदमाशों ने करीब 25 मिनट के भीतर दो सूने मकानों को निशाना बनाया। एक मकान से 60 हजार रुपए से अधिक नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए, जबकि दूसरे मकान से सोने का मंगलसूत्र चोरी होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

कृषि विभाग के अधिकारी के सूने मकान में चोरी

आसाराम नगर निवासी कृषि विभाग के भूमि संरक्षण सर्वे अधिकारी जगदीश गणावा गुरुवार रात अपने ससुर के घर परिवार के साथ गए हुए थे। परिवार में गमी होने के कारण उनके ससुर मांगीलाल डामर मोहन नगर स्थित अपने घर पर थे। इसी दौरान गणावा अपनी पत्नी मुक्ता, बेटे जलज और बेटी वंशिका के साथ ससुर के घर चले गए। गणावा के अनुसार, रात करीब 9.30 बजे पत्नी और बच्चों ने डर लगने की बात कही, जिसके बाद वे भी परिवार के पास चले गए। शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे जब वे अपने घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर का पूरा सामान अस्त-व्यस्त था।

बदमाशों ने अलमारी, पलंग पेटी, डिब्बों सहित घर के कई हिस्सों को खंगाला। घर से 60 हजार रुपए से अधिक नकदी, करीब 350 ग्राम चांदी की पायल, 12 ग्राम की सोने की चेन, 3 ग्राम की सोने की अंगूठी और काफी मात्रा में चिल्लर चोरी होने की बात सामने आई है। घर में रखी कच्ची मैगी भी बिखरी मिली। इससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने चोरी के दौरान घर में मैगी खाई होगी। बदमाश घर से एक शर्ट भी ले गए, जिसमें पेन लगा हुआ था।

CCTV में दिखे चार बदमाश

गणावा के अनुसार, CCTV फुटेज में चार बदमाश नजर आए हैं। इनमें से तीन बदमाश घर के अंदर दाखिल हुए, जबकि एक बाहर खड़े होकर निगरानी करता रहा। बदमाश रात करीब 3.45 बजे घर में दाखिल हुए और करीब 4.10 बजे बाहर निकल गए।

पास के हलवाई के घर में भी चोरी

इसी रात बदमाशों ने पास में रहने वाले हलवाई शिवनारायण शर्मा के घर को भी निशाना बनाया। शर्मा अपनी पत्नी सोनू शर्मा, बेटी गुंजन और बेटे लक्ष्य के साथ 26 अगस्त की रात रक्षाबंधन मनाने बिजयनगर, राजस्थान गए हुए थे। शुक्रवार सुबह पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने फोन कर घर में चोरी होने की जानकारी दी। परिवार रात करीब 8.30 बजे वापस लौटा तो घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर घर से सोने का मंगलसूत्र गायब मिला।

शर्मा के घर से बदमाश एक डंडा और एक शर्ट छोड़कर गए। शर्ट में पेन भी लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि यह शर्ट कृषि अधिकारी जगदीश गणावा के घर से चोरी की गई थी।

पुलिस ने शुरू की जांच

एक ही रात में आसाराम नगर क्षेत्र के दो मकानों में चोरी की वारदात सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। लगातार दो मकानों को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र के रहवासियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।