थांदला के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पहुंच मार्ग पर भीषण हादसा, ट्रक-पिकअप की भिड़ंत में चालक की जिंदा जलकर मौत

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

थांदला के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पहुंच मार्ग पर भीषण हादसा, ट्रक-पिकअप की भिड़ंत में चालक की जिंदा जलकर मौत

रतलाम/झाबुआ- (एमपी की खबर) झाबुआ जिले के थांदला के पास दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे के पहुंच मार्ग पर शुक्रवार रात ट्रक और पिकअप के बीच जोरदार आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तत्काल आग लग गई और देखते ही देखते वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए।

हादसे में पिकअप चालक को वाहन से बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। आग की चपेट में आने से मियाटी निवासी तेरू खिमा भाबर की मौके पर ही झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक एक्सप्रेस-वे की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रही पिकअप से उसकी तेज रफ्तार में सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग भड़क उठी। वहीं ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि रतलाम की ओर से प्रतिदिन हजारों वाहन थांदला नगर की तरफ उतरते हैं और यहां से पहुंच मार्ग के जरिए झाबुआ, अलीराजपुर सहित अन्य क्षेत्रों में आवागमन करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक्सप्रेस-वे से उतरने के बाद भी वाहन चालक टू-लेन पहुंच मार्ग पर गति कम नहीं करते। सड़क की कम चौड़ाई और तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस मार्ग पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। हादसे के बाद एक बार फिर पहुंच मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की गति नियंत्रित करने को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।