नानीबाई के मायरे के दूसरे दिन पंडित जितेंद्र नागर ने युवाओं को दिया- धैर्य का संदेश

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

नानीबाई के मायरे के दूसरे दिन पंडित जितेंद्र नागर ने युवाओं को दिया- धैर्य का संदेश

सैलाना में ठाकुर जी के विवाहोत्सव की धूम, माता पूजन से हुई मांगलिक रस्मों की शुरुआत

रतलाम- (एमपी की खबर) सैलाना नगर की कीर्ति विहार कॉलोनी स्थित प्रसिद्ध श्री खाटू श्याम मंदिर में श्री खाटू श्याम सेवा समिति एवं समस्त नगरवासियों के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय नानीबाई के मायरे के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की उपस्थिति में कथा का भावपूर्ण श्रवण कराया गया। कथा वाचन के दौरान पंडित जितेंद्र नागर ने युवाओं को जीवन में धैर्य, संयम और पारिवारिक संस्कारों का महत्व समझाया। पंडित जितेंद्र नागर ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान की भक्ति के लिए बुढ़ापे का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि जीवन के प्रत्येक पड़ाव पर प्रभु का स्मरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी में जोश तो बहुत है, लेकिन कई बार होश और धैर्य की कमी दिखाई देती है। विपरीत परिस्थितियों में युवा जल्दबाजी में अपना संतुलन खो बैठते हैं। युवाओं को धैर्य और समझदारी अपने परिवार के बुजुर्गों के पास बैठने से ही मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जब युवा अपने परिवार के बुजुर्गों के साथ बैठते हैं तो वे कई बातें बताते हैं। उनमें से भले ही नौ बातें युवाओं के काम की न हों, लेकिन दसवीं बात अमृत के समान हो सकती है। उस एक अनमोल सीख को पाने के लिए बाकी बातें भी धैर्यपूर्वक सुनना जरूरी है। आज मशीनों और मोबाइल फोन के बीच रहने के कारण युवा पीढ़ी में हर काम जल्द करने की आदत बढ़ गई है। इसका असर उनके कामकाज के साथ-साथ पारिवारिक रिश्तों पर भी पड़ रहा है।पंडित नागर ने पारिवारिक संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिवार में रिश्तों की मधुरता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। सास-बहू के बीच कभी मतभेद या विवाद की स्थिति बने तो दोनों पक्षों को धैर्य और समझदारी से काम लेना चाहिए। कभी बहू नाराज हो जाए तो सास को संयम रखना चाहिए और कभी सास की बात कठोर लगे तो बहू को भी समझदारी दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपसी समझ और संवाद से ही परिवार में प्रेम और मधुरता बनी रह सकती है।

उन्होंने परिवार के मुखिया की जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि घर में विवाद होने पर किसी एक पक्ष को दोषी ठहराने के बजाय दोनों की समस्याओं को समझने का प्रयास करना चाहिए। आखिर ऐसी कौन सी परेशानी है, जिसके कारण परिवार में तनाव पैदा हो रहा है, इसका समाधान आपसी बातचीत और समझदारी से निकालना चाहिए। कथा के माध्यम से पंडित जितेंद्र नागर ने युवाओं को बुजुर्गों का सम्मान करने, उनके अनुभवों से सीखने, जीवन में धैर्य रखने और परिवार के रिश्तों को प्रेमपूर्वक निभाने का संदेश दिया।

सैलाना में ठाकुर जी के विवाहोत्सव की धूम, माता पूजन से हुई मांगलिक रस्मों की शुरुआत

सैलाना नगर के कीर्ति विहार स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में आयोजित कन्या विवाह समारोह के तहत ठाकुर जी के विवाहोत्सव की मांगलिक रस्मों का शुभारंभ सोमवार को माता पूजन के साथ श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के साथ हुआ। महिलाओं ने मंगल गीत गाकर वैवाहिक परंपराओं का निर्वहन किया। पूरे नगर में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा। माता पूजन की शुरुआत देवरी चौक स्थित रंगवाड़ी मोहल्ले के शीतला माता मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं एवं महिलाओं की टोली मंगल गीतों पर भक्ति नृत्य करते हुए नगर भ्रमण पर निकली। ठाकुर जी को आकर्षक रथ में विराजित किया गया था। रथ में पंडित जितेंद्र नारायण नागर एवं यजमान कन्हैयालाल कसेरा ठाकुर जी की सेवा करते हुए साथ चल रहे थे।

नगर भ्रमण करते हुए श्रद्धालुओं का काफिला त्रिवेदी गली स्थित शीतला माता मंदिर पहुंचा, जहां माता रानी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं विवाहोत्सव के निर्विघ्न संपन्न होने की मंगल कामना की गई। इसके बाद महिला एवं पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ नगर भ्रमण करते हुए कीर्ति विहार स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंचे। विवाहोत्सव के अंतर्गत सोमवार 23 नवंबर को मंदिर परिसर में चार प्रमुख मांगलिक रस्में संपन्न हुईं। इसमें दोपहर में मेहंदी रस्म, इसके पश्चात हल्दी रस्म, शाम 5 बजे मंडप कार्यक्रम तथा शाम 7 बजे उखेड़ी पूजन हुआ। रस्मों को पारंपरिक वैवाहिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। विवाहोत्सव में यजमान का दायित्व कन्हैयालाल कसेरा का परिवार निभा रहा है। वहीं संपूर्ण आयोजन श्री खाटू श्याम मंदिर सेवा समिति सैलाना के अध्यक्ष शांतीलाल पाटीदार के नेतृत्व में संपन्न हो रहा है।