सैलाना नगर के श्री खाटू श्याम मंदिर में तीन दिवसीय नानी बाई का मायरा प्रारंभ

भक्त नरसिंह की भक्ति और लीलाओं का किया वर्णन, पंडित जितेंद्र नागर ने कहा- बचपन की भक्ति में अपार शक्ति होती है
रतलाम- (एमपी की खबर) रतलाम जिले के सैलाना नगर की कीर्ति विहार कॉलोनी स्थित प्रसिद्ध श्री खाटू श्याम मंदिर में श्री खाटू श्याम सेवा समिति एवं समस्त नगरवासियों के सहयोग से तीन दिवसीय नानी बाई का मायरा शनिवार रात्रि को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ प्रारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। कथावाचक पंडित जितेंद्र नागर के मुखारविंद से भक्त नरसि मेहता की भक्ति, उनके जीवन प्रसंगों एवं लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा के दौरान ‘गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो, राधा रमण हरि गोविंद बोलो’ जैसे मधुर भजनों की स्वर लहरियों से मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ कथा का श्रवण किया।
प्रवचन के दौरान पंडित जितेंद्र नागर ने समाज, संस्कृति और सनातन परंपराओं को जीवित रखने की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को ईश्वर के बताए मार्ग पर चलने की जरूरत है। वर्तमान समय में युवा पीढ़ी धीरे-धीरे धार्मिक संस्कारों से दूर होती जा रही है। ऐसे में अभिभावकों को अपने बच्चों को धार्मिक आयोजनों एवं कथाओं में अवश्य लेकर आना चाहिए, ताकि उनमें बचपन से ही अच्छे संस्कार विकसित हो सकें।
उन्होंने कहा कि बचपन की भक्ति में अपार शक्ति होती है। भक्ति वृद्धावस्था का विषय नहीं है, बल्कि बचपन से ही इसकी शुरुआत होनी चाहिए। मीरा बाई, ध्रुव और प्रह्लाद जैसे अनेक भक्तों ने बाल्यकाल से ही ईश्वर की भक्ति में लीन होकर अपनी अलग पहचान बनाई। बच्चों को भगवान की कथाएं और धार्मिक प्रसंग सुनाने से उन्हें भारतीय संस्कृति एवं शास्त्रों का ज्ञान मिलता है।
पंडित नागर ने कहा कि जीवन जीने की कला हमें अपने धर्मग्रंथों और शास्त्रों से सीखने को मिलती है, लेकिन अक्सर लोग इन बातों को जीवन के अंतिम पड़ाव में समझ पाते हैं। उन्होंने कहा कि आज हम दीपावली और होली जैसे त्योहार तो मनाते हैं, लेकिन नई पीढ़ी को इनके पीछे छिपे धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी नहीं होती। इसलिए बच्चों को अपनी परंपराओं, संस्कृति और त्योहारों के महत्व से परिचित कराना जरूरी है। इससे उनमें जिज्ञासा बढ़ेगी और अपनी संस्कृति के प्रति आकर्षण एवं सम्मान का भाव विकसित होगा।
नानी बाई का मायरा के प्रथम दिवस पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा प्रारंभ होने से पूर्व आयोजकों एवं समिति सदस्यों द्वारा व्यासपीठ की पूजा-अर्चना कर कथावाचक पंडित जितेंद्र नागर का स्वागत किया गया। तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। कथा प्रतिदिन सायं 7 बजे से 10-30 बजे तक चलेगी।




