रावटी में पति-पत्नी के विवाद के बाद महिला की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी
रानीसिंग गांव की घटना, एफएसएल टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
रतलाम- (कृष्णकांत मालवीय) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के सैलाना अनुभाग अंतर्गत रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम रानीसिंग में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद 35 वर्षीय महिला कलाबाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार रात पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात सामने आई है, जबकि बुधवार सुबह महिला कलाबाई का शव घर में मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
रात में हुआ था पति-पत्नी के बीच विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रानीसिंग निवासी मांगीलाल पिता गेंदालाल गरवाल का मंगलवार रात अपनी पत्नी कलाबाई से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद दोनों घर में ही थे। बुधवार सुबह महिला की मौत की जानकारी सामने आने से गांव में सनसनी फैल गई। हालांकि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
चौकीदार की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर गांव के चौकीदार छोटेलाल मालिवाड़ ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही रावटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। हालांकि, महिला की मौत मारपीट या गला घोंटने से हुई है अथवा इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। उधर रावटी थाना प्रभारी मनीष डावर के अनुसार पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
मजदूरी के लिए गुजरात गए हैं तीनों बेटे
जानकारी के अनुसार मृतका कलाबाई और मांगीलाल के तीन बेटे हैं। इनमें बड़े बेटे कर्ण की शादी हो चुकी है, जबकि अर्जुन और कमलेश अविवाहित हैं। तीनों बेटे मजदूरी के सिलसिले में गुजरात गए हुए हैं। परिवार के अन्य सदस्य अलग मकान में रहते हैं। घटना के समय घर में पति-पत्नी दोनों ही मौजूद थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
ग्राम रानीसिंग में हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों में शोक का माहौल है। फिलहाल महिला की मौत को संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, एफएसएल जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संबंधित लोगों के बयान के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




