राज्य स्तरीय योग पुरुष प्रतियोगिता के लिए रतलाम के पार्थ चौधरी का चयन
उज्जैन संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मिली जगह
रतलाम (एमपी की खबर) शहर के डॉ. कैलासनाथ काटजू विधि महाविद्यालय के विद्यार्थी पार्थ चौधरी का राज्य स्तरीय योग पुरुष प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। वे बी.ए. एलएल.बी. सप्तम सेमेस्टर के विद्यार्थी हैं। आगामी 1 एवं 2 दिसंबर 2026 को बुरहानपुर में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में पार्थ महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। महाविद्यालय के प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी डॉ. जितेंद्र शर्मा ने बताया कि गत दिनों उज्जैन में आयोजित संभाग स्तरीय योग प्रतियोगिता में पार्थ चौधरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनुराधा तिवारी, डॉ. जितेंद्र शर्मा, डॉ. सोना नागर, विजय मुवेल, रंजू शर्मा, अर्चना धाकड़, वंदिता प्रजापति सहित समस्त महाविद्यालय परिवार, अधिकारी-कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए पार्थ चौधरी को बधाई दी और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।




