रतलाम रेल मंडल को मिले नए DRM, यशवंत कुमार चौधरी संभालेंगे कमान

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

रतलाम रेल मंडल को मिले नए DRM, यशवंत कुमार चौधरी संभालेंगे कमान

दो साल के कार्यकाल के बाद अश्वनी कुमार की विदाई, यशवंत कुमार चौधरी होंगे नए DRM अधिकारियों के बंगलों से लेकर जिम और कर्मचारियों की सुविधाओं तक कई चर्चाएं सुर्खियों में

रतलाम (मोहित शर्मा) पश्चिम रेलवे के रतलाम रेल मंडल में अब नेतृत्व परिवर्तन होने जा रहा है। रेलवे बोर्ड ने 27 नवंबर 2026 को जारी आदेश में पूर्व मध्य रेलवे में पदस्थ अधिकारी यशवंत कुमार चौधरी को रतलाम मंडल का नया मंडल रेल प्रबंधक (DRM) नियुक्त किया है। वे वर्तमान DRM अश्वनी कुमार (IRTS) का स्थान लेंगे। हालांकि अश्वनी कुमार के स्थानांतरण संबंधी आदेश बाद में जारी किए जाएंगे।

नए DRM की नियुक्ति के साथ ही मंडल में चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है। खास बात यह है कि अब सरकारी इनोवा में दो ‘यशवंत’ एक साथ नजर आएंगे। एक यशवंत इनोवा के सारथी की भूमिका में रहेंगे, जबकि दूसरे यशवंत पर पूरे रेल मंडल की जिम्मेदारी होगी। रेलवे के गलियारों में इस बदलाव को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोगों का मानना है कि पिछले दो साल से आरामदायक माहौल में काम कर रहे कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अब परिस्थितियां बदल सकती हैं। विभाग में किसकी जिम्मेदारी बढ़ेगी और किसकी कुर्सी पर असर पड़ेगा, यह नए DRM के कार्यभार संभालने के बाद ही स्पष्ट होगा।

दो साल का आराम खत्म, अब कामकाज पर नजर

मंडल में नए DRM की नियुक्ति को केवल एक प्रशासनिक बदलाव के रूप में नहीं देखा जा रहा है। अंदरखाने चर्चा है कि नए साहब के आने के बाद विभागीय कामकाज और पुराने फैसलों की समीक्षा हो सकती है। कुछ लोगों को उम्मीद है कि लंबे समय से लंबित मामलों पर ध्यान दिया जाएगा, तो कुछ को अपने पुराने तौर-तरीकों में बदलाव करना पड़ सकता है।

चौधरी जी की चौखट पर दस्तक के साथ ही अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि नए साहब की कार्यशैली कैसी रहती है। ठेकेदारों की भूमिका, विभागीय व्यवस्थाएं और अधिकारियों की जवाबदेही जैसे मुद्दे भी आने वाले दिनों में चर्चा में रह सकते हैं। फिलहाल किसका प्रभाव बढ़ेगा और किसकी पकड़ कमजोर होगी, इसका जवाब नए DRM के कामकाज से ही मिलेगा।

हादसों पर रोक के लिए बंगलों में कथा और अनुष्ठान

रेलवे में आमतौर पर सिग्नल, ट्रैक, तकनीकी जांच और सुरक्षा ऑडिट की चर्चा होती है, लेकिन रतलाम मंडल में पिछले दिनों अधिकारियों के बंगलों पर हुए धार्मिक आयोजन भी चर्चा का विषय बने रहे। बताया जा रहा है कि मंडल के बड़े साहब ने ट्रेनों का संचालन सुरक्षित और निर्बाध बनाए रखने की कामना से अपने बंगले पर इस्कॉन के पंडित के माध्यम से श्रीकृष्ण कथा का आयोजन करवाया। इसमें श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा के साथ रेल यात्रियों की सुरक्षित यात्रा की कामना की गई।

वहीं मंडल के एक अन्य अधिकारी आयुष जी ने भी अपने बंगले पर तीन दिवसीय विशेष धार्मिक अनुष्ठान करवाया। तीन दिनों तक पूजा-पाठ और हवन का कार्यक्रम चला। इसका उद्देश्य भी रेल परिचालन में सुरक्षा और हादसों पर रोक की कामना बताया गया। अब इन आयोजनों को लेकर रेलवे के गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। तकनीकी सुरक्षा के लिए विभागीय प्रयास अपनी जगह हैं, लेकिन अधिकारियों की आस्था के ये आयोजन भी फिलहाल चर्चा में बने हुए हैं।

जिम का उद्घाटन साहब ने किया, फायदा अब नए साहब उठाएंगे

रेल मंडल परिसर में अधिकारियों के लिए बनाई गई नई जिम का निर्माण आखिरकार पूरा हो गया। शुक्रवार को इसके उद्घाटन की तैयारी थी, लेकिन संयोग ऐसा रहा कि उद्घाटन के दिन ही बड़े साहब का तबादला हो गया। यानी जिम तैयार करवाने और उसका शुभारंभ करने का मौका तो पुराने साहब को मिला, लेकिन नियमित रूप से इसका इस्तेमाल करने का अवसर अब नए DRM को मिल सकता है। हालांकि इस जिम को लेकर कर्मचारियों के बीच भी चर्चा है, क्योंकि सुविधा फिलहाल अधिकारियों के लिए ही बताई जा रही है।

दूसरी ओर कर्मचारियों के आवासों की स्थिति अलग कहानी बयां कर रही है। कई क्वार्टरों में दरवाजों के आसपास प्लास्टर उखड़ा हुआ है और कुछ जगह ईंटें तक बाहर दिखाई देने लगी हैं। ऐसे में कर्मचारियों को अपने आवासों की मरम्मत का इंतजार है। विभाग में एक तरफ अधिकारियों के लिए आधुनिक जिम तैयार हो रही है, तो दूसरी तरफ कर्मचारी अपने क्वार्टरों की बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

जाते-जाते कई फाइलें खुलीं, लेकिन कुछ सवाल रह गए

पूर्व DRM के कार्यकाल को लेकर भी विभाग में अलग-अलग तरह की चर्चाएं हैं। बताया जाता है कि अपने कार्यकाल के अंतिम दौर में उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति जैसे मामलों में विशेष रुचि दिखाई और लंबे समय से लंबित कुछ फाइलों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। इससे प्रभावित परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद जगी। लेकिन विभाग के कुछ अन्य मामलों को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। चर्चा है कि कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तो हुई, लेकिन विभाग के दूसरे हिस्सों में लंबे समय से चल रही कथित अनियमितताओं पर उतनी सख्ती दिखाई नहीं दी।

कुछ लोगों का कहना है कि किसी भी विभाग में कार्रवाई निष्पक्ष होनी चाहिए और केवल चुनिंदा लोगों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। यदि कहीं गड़बड़ी है तो उसकी जांच सभी स्तरों पर होनी चाहिए। साथ ही कार्रवाई करते समय यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि किसी कर्मचारी के परिवार की रोजी-रोटी पर अनावश्यक संकट न आए। अब नए DRM यशवंत कुमार चौधरी के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही होगी कि वे मंडल में सुरक्षा, पारदर्शिता, कर्मचारियों की सुविधाओं और विभागीय जवाबदेही के बीच संतुलन कैसे बनाते हैं।फिलहाल रतलाम रेल मंडल में नए साहब की आमद का इंतजार है। आने वाले दिनों में यह साफ होगा कि बदलाव केवल चेहरे का होगा या फिर कामकाज के तरीके भी बदलेंगे।