जावरा में दर्दनाक हादसा- हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की मौत, पेड़ पर चढ़ते ही लगा करंट

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

जावरा में दर्दनाक हादसा- हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की मौत, पेड़ पर चढ़ते ही लगा करंट

बकरियां चराने खेत पर गया था शाहरूख, पेड़ के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन बनी हादसे की वजह ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

रतलाम (एमपी की खबर) रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र के उमट पालिया में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय युवक की बिजली करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक खेत पर बकरियां चराने गया था। इसी दौरान पेड़ पर चढ़कर रस्सी बांधने और पत्तियां तोड़ने का प्रयास करते समय वह पास से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान उमट पालिया निवासी शाहरूख पिता सुलतान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शाहरूख खेत में बकरियां चराने गया था। इसी दौरान वह एक पेड़ पर चढ़ा। पेड़ के नजदीक से 33 केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया।

भाई ने परिजनों और ग्रामीणों को दी सूचना

घटना के समय शाहरूख का भाई मोहम्मद खां भी मौके पर मौजूद था। हादसा होते ही उसने तत्काल परिजनों और ग्रामीणों को फोन कर सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए सबसे पहले बिजली सप्लाई बंद करवाने के प्रयास किए गए।

बिजली बंद होने के बाद पेड़ से उतारा

इस संबंध में लाइनमैन श्याम और राहुल को सूचना दी गई। बिजली सप्लाई बंद होने के बाद परिजनों और समाजजनों ने युवक को पेड़ से नीचे उतारा। इसके बाद 112 पर सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सिविल अस्पताल जावरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हाईटेंशन लाइन के पास पेड़ों की छंटाई नहीं होने पर नाराजगी

हादसे के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में 33 केवी की हाईटेंशन लाइन पेड़ों के काफी नजदीक से गुजर रही है। इसके बावजूद बिजली लाइनों के आस-पास पेड़ों की नियमित छंटाई और सुरक्षा व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि समय रहते पेड़ों की छंटाई करवाई जाती और हाईटेंशन लाइन के आसपास जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जाते तो संभवतः इस हादसे को टाला जा सकता था।

स्मार्ट मीटर पर सक्रियता, लेकिन रखरखाव पर सवाल

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की प्राथमिकताओं पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाने के काम में विभाग तेजी दिखा रहा है, लेकिन बिजली लाइनों के रखरखाव, झुके हुए खंभों को ठीक करने और पेड़ों के संपर्क में आ रही हाईटेंशन लाइनों की सुरक्षा जैसे जरूरी कार्यों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। 27 वर्षीय शाहरूख की असमय मौत से परिवार में दुख का माहौल है। हादसे के बाद से उमट पालिया में भी शोक की लहर है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, हादसे के कारणों और जिम्मेदारी तय करने तथा क्षेत्र में पेड़ों के नजदीक से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों का निरीक्षण करवाकर जरूरी सुधार करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विभाग को सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।