सैलाना विधायक की जनसुनवाई में उमड़ा जनसैलाब, मौके पर ही समस्याओं के समाधान के निर्देश

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

सैलाना विधायक की जनसुनवाई में उमड़ा जनसैलाब, मौके पर ही समस्याओं के समाधान के निर्देश

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम 

रतलाम- (Ratlam) जिले के बाजना क्षैत्र में सैलाना क्षेत्रीय विधायक कमलेश्वर डोडियार ने सोमवार को ठिकरिया और करबल खोरा में जनसुनवाई कर एक बार फिर जनता से सीधे संवाद की मजबूत मिसाल पेश की। इस दौरान 10 से 20 गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिससे कार्यक्रम जनसैलाब में तब्दील हो गया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधायक सुबह 8 बजे ठिकरिया पहुंचे, जहां हाई स्कूल के पास ग्रामीणों से चर्चा की गई। इसके बाद दोपहर 12 बजे करबलखोरा में उपसरपंच मोतीलाल के निवास के समीप चौपाल लगाकर जनसुनवाई की गई। खास बात यह रही कि यह जनसुनवाई विधायक की व्यक्तिगत पहल पर आयोजित की गई थी, जिसमें उन्होंने बिना किसी प्रशासनिक दबाव के सीधे आमजन की समस्याएं सुनीं।

जनसुनवाई के दौरान पेंशन, किसान सम्मान निधि, आवास योजना, पेयजल संकट, खराब सड़कें, बिजली आपूर्ति, नालियों की समस्या, वन अधिकार पट्टे और जमीन सीमांकन जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए। विधायक डोडियार ने छोटी और तात्कालिक समस्याओं पर तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को फोन पर निर्देश दिए और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

वहीं, ग्रामीणों द्वारा रखी गई बड़ी मांगों जैसे तालाब (बांध) निर्माण, आंगनवाड़ी भवन, स्कूल भवन और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विधायक ने भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों को विधानसभा में मजबूती से उठाया जाएगा और शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। इस दौरान विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसी जनसुनवाई का उद्देश्य जनता से सीधा जुड़ाव और बिना किसी औपचारिकता के समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने भविष्य में भी नियमित रूप से इस तरह के कार्यक्रम लगातार गावों आयोजित करने की बात कही।

कार्यक्रम में भारत आदिवासी पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश खराड़ी, बाजना ब्लॉक अध्यक्ष प्रभु चारेल, उपाध्यक्ष रामा दामा, संगठन मंत्री बालचंद मईडा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *