सेवा संकल्प अभियान-लाभार्थियों ने साझा की सफलता की कहानियां
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र व श्रीफल देकर किया सम्मान
रतलाम- (एमपी की खबर) सैलाना में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान के तृतीय दिवस विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद एवं सफलता की कहानियों का प्रस्तुतीकरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हितग्राहियों के अनुभव आमजन तक पहुंचाकर विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास समिति अध्यक्ष सुभाष भाभर, अन्य पिछड़ा वर्ग मंडल अध्यक्ष दीपक लबाना, जनपद सदस्य प्रतिनिधि ओंकारलाल खराड़ी, मिलिंद पाठक सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। प्रभारी परियोजना अधिकारी दीपा चौधरी ने कार्यक्रम का संचालन किया। ज्योति गोस्वामी ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए योजनाओं से मिले लाभ और जीवन में आए बदलाव की जानकारी दी।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान
कार्यक्रम में परिक्षेत्र की समस्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी। उत्कृष्ट कार्य एवं सेवाओं के लिए सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अमले ने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को अंतिम पंक्ति के पात्र हितग्राही तक पहुंचाने तथा पोषण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास के क्षेत्र में निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।




