जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 का हुआ समापन, अमृत सरोवर तालाब का लोकार्पण एवं पौधरोपण किया गया
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम, ब्यूरो चीफ कृष्णकांत मालवीय।
रतलाम- (sailana) मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड सैलाना के अंतर्गत नवांकुर संस्था एकलव्य युवा जन उत्थान समिति द्वारा शुक्रवार को ग्राम पंचायत कांगसी के ग्राम बद्धापूरा खुर्द में जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 का समापन कार्यक्रम उत्साह पूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ किया गया।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक रतनलाल चरपोटा ने परिषद द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत तीन चरणों में किए गए विभिन्न कार्यों एवं गतिविधियों की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने जल संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति से जल संवर्धन के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
विशेष ग्राम सभा का आयोजन-
कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत कांगसी के ग्राम बद्धापूरा खुर्द में विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव द्वारा ग्रामीणों को केंद्र सरकार की नई योजना विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण (VB-GRAMG) के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।योजना के उद्देश्यों, संभावित लाभों तथा ग्रामीण विकास में इसकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।
मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन-
जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन अवसर पर जनपद पंचायत सैलाना की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रिया गैरा द्वारा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया। उपस्थित ग्रामीणजनों ने संदेश को ध्यानपूर्वक सुना तथा जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अमृत सरोवर तालाब का लोकार्पण-
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत कांगसी के ग्राम बद्धापूरा खुर्द में मनरेगा योजना के अंतर्गत निर्मित अमृत सरोवर तालाब का लोकार्पण जनपद अध्यक्ष कैलाशी रामचन्द्र चारेल, जनपद सदस्य प्रभुलाल भांवर एवं सुभाष भांवर द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अमृत सरोवर जैसी परियोजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
जल संरक्षण के लिए श्रमदान-
भीषण गर्मी एवं बढ़ते जल संकट को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। सुबह से ही ग्रामीण कुदाली, फावड़े एवं तगाड़ी लेकर तालाब स्थल पर पहुंचे और सामूहिक श्रमदान करते हुए तालाब की तली से बड़ी मात्रा में गाद निकाली। इससे तालाब की गहराई बढ़ाई गई, जिससे आगामी मानसून में अधिक मात्रा में वर्षा जल का संचयन संभव हो सकेगा।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण-
कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अमृत सरोवर तालाब परिसर में शीशम, करंज एवं नीम के पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं हरित ग्राम निर्माण का संदेश दिया।
खरीफ फसल 2026 की तैयारी पर चर्चा-
कार्यक्रम में मांगीलाल खराड़ी द्वारा कृषकों से सीधे संवाद करते हुए खरीफ फसल 2026 की तैयारियों पर चर्चा की गई। उन्होंने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, फसल विविधीकरण एवं फसल चक्र अपनाने के लाभों की जानकारी देते हुए वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।
ये रहे उपस्थित-
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष कैलाशी चारेल, जनपद सदस्य प्रभुलाल भांवर, सुभाष भांवर, ग्राम पंचायत सरपंच समरथ भाभर, राजू पटेल, रमेश पटेल, जनपद पंचायत सैलाना की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रिया गैरा, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक रतनलाल चरपोटा, सहायक उपयंत्री संजीव कुमार रघुवंशी, ग्राम पंचायत सचिव ईश्वरलाल शर्मा, परामर्शदाता, नवांकुर संस्था के पदाधिकारी, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्य, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र- छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर विकासखंड समन्वयक रतनलाल चरपोटा द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को जल संरक्षण एवं जल संवर्धन की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन विकासखंड समन्वयक द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन ग्राम पंचायत सरपंच समरथ भाभर ने व्यक्त किया।





Nice read, I just passed this onto a colleague who was doing some research on that. And he actually bought me lunch as I found it for him smile So let me rephrase that: Thanks for lunch! “We have two ears and one mouth so that we can listen twice as much as we speak.” by Epictetus.