रोहतक में भीषण सड़क हादसा रतलाम के दंपती और बड़े बेटे की दर्दनाक मौत, पंजाब जाते समय हुआ हादसा

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

रोहतक में भीषण सड़क हादसा रतलाम के दंपती और बड़े बेटे की दर्दनाक मौत, पंजाब जाते समय हुआ हादसा

इंदिरा नगर में पसरा मातम, छोटा बेटा दादा-दादी के पास रतलाम में होने से बचा बुजुर्ग माता-पिता को अब तक नहीं दी गई सूचना

रतलाम (मोहित शर्मा) शहर के इंदिरा नगर निवासी एक परिवार की खुशियां शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में उजड़ गईं। हरियाणा के रोहतक के पास हुए सड़क हादसे में कार सवार दंपती और उनके 23 वर्षीय बड़े बेटे की मौत हो गई। तीनों गुरुवार शाम रतलाम से पंजाब के लिए रवाना हुए थे। हादसे की खबर मिलते ही रतलाम में परिवार के परिचितों और रिश्तेदारों के बीच शोक की लहर फैल गई।

गुरुवार शाम पंजाब के लिए निकला था परिवार

जानकारी के अनुसार, इंदिरा नगर निवासी करमजीत सिंह सिंधु (52) अपनी पत्नी पवनदीप कौर (48) और बड़े बेटे अमरेंद्र सिंह (23) के साथ गुरुवार शाम स्विफ्ट कार से पंजाब के लिए निकले थे। परिवार पंजाब स्थित अपने रिश्तेदारों के यहां आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे रोहतक के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार तीनों लोगों की जान चली गई।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया

दुर्घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया और हादसे के कारणों की जांच शुरू की। फिलहाल दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

छोटा बेटा रतलाम में दादा-दादी के पास था

इस हादसे में परिवार का छोटा बेटा सुरक्षित है। बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान वह रतलाम में ही अपने दादा-दादी के पास रुका हुआ था। यदि वह भी माता-पिता और बड़े भाई के साथ यात्रा पर होता, तो परिवार की यह त्रासदी और भी बड़ी हो सकती थी।

बुजुर्ग माता-पिता को नहीं दी गई हादसे की खबर

हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में दुख का माहौल है। करमजीत सिंह के बुजुर्ग पिता मेजर सिंह और माता रणवीर कौर घर पर मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें इस दर्दनाक घटना की जानकारी अभी नहीं दी गई है। परिजन सदमे की आशंका के चलते उन्हें फिलहाल इस खबर से दूर रखे हुए हैं।

रोहतक के लिए रवाना हुए परिजन

करमजीत सिंह का पैतृक गांव पंजाब में है और परिवार का वहां आना-जाना लगा रहता था। हादसे की जानकारी मिलने के बाद रतलाम से अन्य परिजन रोहतक के लिए रवाना हो गए हैं, ताकि पोस्टमार्टम और आगे की आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा सके। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से इंदिरा नगर सहित परिचितों और रिश्तेदारों में शोक व्याप्त है।