सैलाना सांदीपनि शासकीय मॉडल स्कूल का भिंड जिले के शिक्षकों ने किया शैक्षणिक भ्रमण
विद्यालय के बेहतर संचालन, क्षमता संवर्धन, प्रबंधन एवं नेतृत्व कौशल विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित हुई एक्सपोजर विजिट
रतलाम- (एमपी की खबर) विद्यालय के बेहतर संचालन, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, क्षमता संवर्धन तथा प्रभावी प्रबंधन एवं नेतृत्व कौशल विकसित करने के उद्देश्य से भिंड जिले के चयनित 36 शिक्षकों के एक शैक्षणिक दल ने सांदीपनि शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सैलाना का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान दल के सदस्यों ने विद्यालय में संचालित विभिन्न अकादमिक एवं सह-अकादमिक गतिविधियों का अवलोकन कर उनकी कार्यप्रणाली को समझा।
भ्रमण के अंतर्गत शैक्षणिक दल ने विद्यालय की प्रार्थना सभा, सर्किल मीटिंग एवं मॉर्निंग मीटिंग से लेकर कक्षाओं के संचालन, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय तथा विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने वाली विभिन्न शिक्षण गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इनमें हुक, पीयर एंड शेयरिंग एवं कोल्ड कॉलिंग जैसी शिक्षण तकनीकों का विशेष रूप से अवलोकन किया गया। इस अवसर पर एक परिचर्चा सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैलाना मॉडल स्कूल के शिक्षकों एवं भिंड जिले से आए शैक्षणिक दल के सदस्यों ने शैक्षणिक गतिविधियों, नवाचारों, शिक्षण पद्धतियों एवं विद्यालय प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के प्राचार्य गिरीश सारस्वत ने स्वागत उद्बोधन देते हुए विद्यालय में संचालित शैक्षणिक नवाचारों, विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों से शैक्षणिक दल को अवगत कराया। अकादमिक समन्वयक वैभव दुबे ने विद्यालय में अकादमिक गतिविधियों के संचालन पर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वहीं, मिडिल शाला प्रभारी कमलेश पाटीदार ने मिडिल कक्षाओं में संचालित गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। शिक्षिका श्वेता नागर ने विद्यालय में संचालित सह-अकादमिक गतिविधियों पर प्रस्तुतिकरण दिया। परिचर्चा सत्र में किरण देदरा, पद्मिनी डोडियार, अशोक सिंह गौर, योगेश परमार, सुरभि व्यास एवं पलक विश्वकर्मा ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने मालवी लोकगीत की सुमधुर प्रस्तुति देकर शैक्षणिक दल का आत्मीय स्वागत किया। भिंड जिले से आए इस शैक्षणिक दल का नेतृत्व गोहद विकासखंड के शिक्षा अधिकारी श्याम किशोर भारद्वाज ने किया। यह शैक्षणिक भ्रमण एसआरएफ फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित किया गया। भ्रमण दल में एसआरएफ फाउंडेशन के प्रदेश संयोजक चैन सिंह किरार, भिंड जिले के जिला कार्यक्रम अधिकारी विष्णु वर्मा, पीएम श्री विद्यालय भिंड के प्राचार्य धर्मेंद्र भारद्वाज, सांदीपनि विद्यालय भिंड के प्राचार्य बृज मोहन शर्मा सहित भिंड जिले के चयनित शिक्षक शामिल रहे।
इस एक्सपोजर विजिट के माध्यम से शिक्षकों को विद्यालय की प्रभावी कार्यप्रणाली, नवाचारी शिक्षण तकनीकों, अकादमिक एवं सह-अकादमिक गतिविधियों तथा बेहतर विद्यालय प्रबंधन के व्यावहारिक पक्षों को समझने और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने का अवसर प्राप्त हुआ।




