रतलाम के कालिका माता मंदिर परिसर में निःशुल्क नाड़ी परीक्षण सेवा शुरू, मरीजों को मिलेगा स्वास्थ्य परामर्श और दवाइयों का लाभ

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

रतलाम के कालिका माता मंदिर परिसर में निःशुल्क नाड़ी परीक्षण सेवा शुरू, मरीजों को मिलेगा स्वास्थ्य परामर्श और दवाइयों का लाभ

रतलाम (एमपी की खबर) शहर के कालिका माता मंदिर परिसर में आमजन के लिए निःशुल्क नाड़ी परीक्षण एवं रोग निदान सेवा शुरू की गई है। कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट की इस पहल के तहत मरीजों को नाड़ी परीक्षण के माध्यम से स्वास्थ्य परामर्श और जरूरत के अनुसार निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराई जाएंगी। सेवा की शुरुआत 18 नवंबर से की गई है। यह सेवा सोमवार से शनिवार तक प्रतिदिन सुबह 8 से 10:30 बजे तक गरबा ग्राउंड स्थित फिजियोथेरेपी सेंटर के समीप संचालित होगी। यहां प्रशिक्षित नाड़ी परीक्षकों की टीम मरीजों का परीक्षण कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देगी।

इस प्रकल्प में मुख्य नाड़ी वैद्य मनीष शर्मा अपनी सेवाएं देंगे। वे काछी बड़ौदा रियासत के प्रसिद्ध राज वैद्य आचार्य नारायण प्रसाद उपाध्याय के नाती हैं। वे अपने नाना की प्राचीन नाड़ी विज्ञान की चिकित्सा परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।

अतिथियों ने किया वैद्य और सहयोगी टीम का सम्मान

सेवा के शुभारंभ अवसर पर कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष राजाराम मोतियानी, काकानी सोशल वेलफेयर सोसायटी के सचिव गोविंद काकानी और सुनीता काकानी उपस्थित रहे। अतिथियों ने मुख्य नाड़ी वैद्य मनीष शर्मा सहित सहयोगी टीम की अस्मि शर्मा, चांदनी फुलवानी और हितेंद्र जोशी का अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे।