सैलाना नगर का श्री चिंताहरण गणेश मंदिर में धूमधाम से मना अन्नकूट महोत्सव, दर्शन कर श्रद्धालुओं ने ग्रहण की महाप्रसादी
भव्य महाआरती के बाद हुआ महाप्रसादी का वितरण, आकर्षक विद्युत सज्जा से जगमगाया मंदिर परिसर
रतलाम- (कृष्णकांत मालवीय) इन दिनों रतलाम जिले के सैलाना नगर के अनेकों मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर का प्रसिद्ध श्री चिंताहरण गणेश मंदिर में बुधवार को अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्री चिंताहरण गणेशजी को विभिन्न प्रकार के पकवानों एवं व्यंजनों का छप्पन भोग अर्पित किया गया। छप्पन भोग के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान गणेशजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्री चिंताहरण गणेश उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शाम 4 बजे भगवान श्री गणेशजी की भव्य महाआरती की गई। आरती के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। इसके पश्चात शाम 5 बजे से श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का वितरण प्रारंभ हुआ। नगर सहित आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक महाप्रसादी ग्रहण की। अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी एवं रंग-बिरंगी लाइटिंग से भव्य रूप से सजाया गया था। रोशनी से जगमगाते मंदिर परिसर की आकर्षक साज-सज्जा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण बना रहा।
आयोजन को सफल बनाने में श्री चिंताहरण गणेश उत्सव समिति के सदस्यों एवं सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा। अन्नकूट महोत्सव के माध्यम से नगर में धार्मिक परंपरा, सामाजिक समरसता एवं सामूहिक श्रद्धा का सुंदर दृश्य देखने को मिला।




