रतलाम में गौरव पैलेस कॉलोनी में नाबालिग छात्रा की मौत, फंदे पर मिला शव,परिवार ने की जांच की मांग
ब्यूरो रिपोर्ट एमपी की खबर रतलाम
रतलाम- (Ratlam) औद्योगिक थाना क्षेत्र के डोसी गांव के पास स्थित गौरव पैलेस कॉलोनी में गुरुवार को एक नाबालिग छात्रा की फांसी लगाने से मौत हो गई। छात्रा 10वीं कक्षा में पढ़ती थी। उसका शव घर की पहली मंजिल पर दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, छात्रा गुरुवार सुबह स्कूल नहीं गई थी। दोपहर में उसका छोटा भाई स्कूल से घर लौटा और पहली मंजिल पर पहुंचा। वहां उसने बहन को फंदे पर लटका देखा। भाई ने तत्काल परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना के समय माता-पिता काम पर थे
परिजनों के अनुसार, छात्रा की मां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं, जबकि पिता एक निजी फैक्ट्री में इलेक्ट्रीशियन का काम करते हैं। घटना के समय दोनों अपने-अपने काम पर गए हुए थे। परिवार के अन्य सदस्य मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं, जबकि छात्रा अपने माता-पिता और भाई के साथ पहली मंजिल पर रहती थी। छात्रा के बड़े पिता अशोक परमार ने बताया कि वे दोपहर में लंच के लिए घर आए थे। इसी दौरान छात्रा का छोटा भाई ऊपर से नीचे आया और उसने घटना की जानकारी दी।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
परिजनों के मुताबिक, दोपहर करीब 2:10 बजे डायल-112 को घटना की सूचना दी गई थी। करीब 10 से 15 मिनट में 112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद संबंधित थाना पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों का कहना है कि थाना पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लगा।परिजनों ने शव को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि पुलिस की ओर से शव ले जाने की व्यवस्था नहीं की गई। बाद में डायल-112 के जवानों ने शव को वाहन से अस्पताल पहुंचाया।
मौत की वजह स्पष्ट नहीं, जांच की मांग
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिवार के लोग घटना की पूरी जांच कर मौत के कारण का पता लगाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




