नित्य चिंताहरण गणपति मंदिर में 14 सितंबर से 12 दिवसीय गणेशोत्सव, चढ़ेगा स्वर्ण वर्क का चोला

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

नित्य चिंताहरण गणपति मंदिर में 14 सितंबर से 12 दिवसीय गणेशोत्सव, चढ़ेगा स्वर्ण वर्क का चोला

ब्यूरो रिपोर्ट एमपी की खबर रतलाम 

रतलाम- (Ratlam) पैलेस रोड स्थित प्राचीन श्री नित्य चिंताहरण गणपति मंदिर में इस वर्ष गणेश उत्सव को भव्य रूप देने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिर में 14 सितंबर 2026 से 12 दिवसीय गणेशोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ आकर्षक विद्युत सज्जा और पुष्प सजावट भी की जाएगी।

गणेश चतुर्थी के दिन भगवान गणपति को स्वर्ण वर्क का चोला अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही 11 हजार लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। मंदिर समिति के अनुसार उत्सव के दौरान प्रतिदिन करीब 3 हजार श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था रहेगी।

मिट्टी की प्रतिमा होगी स्थापित-

पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस बार मंदिर में पीओपी की प्रतिमा के स्थान पर मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। उत्सव के दौरान प्रतिदिन रात 8 बजे विशेष आरती होगी।

दानपात्र से निकले 2.83 लाख रुपये-

उत्सव की तैयारियों को लेकर मंदिर परिसर में आयोजित बैठक के दौरान दानपात्र भी खोला गया। गणना में कुल 2 लाख 83 हजार 600 रुपये प्राप्त हुए। इसमें नोटों के अलावा 41,100 रुपये के सिक्के शामिल थे। दानपात्र से एक अमेरिकी डॉलर और एक चीनी मुद्रा का सिक्का भी मिला। इसके अलावा श्रद्धालुओं द्वारा लिखी गई कई चिट्ठियां भी प्राप्त हुईं, जिनमें भक्तों ने अपनी मनोकामनाओं और समस्याओं का उल्लेख किया है। बैठक में मंदिर समिति के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।