पुलिस थाने के सामने चोरों की दस्तक, आधे घंटे तक चलता रहा ऑपरेशन चोरी
सीटी रिपोर्टर मोहित शर्मा, एमपी की खबर रतलाम
रतलाम- (Ratlam) स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के स्टेडियम मार्केट में रविवार देर रात चोरों ने एक कोरियर ऑफिस को निशाना बना लिया। थाना परिसर से महज करीब 50 मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाश शटर के ताले तोड़कर ऑफिस में दाखिल हुए और करीब आधे घंटे तक अंदर सामान खंगालते रहे। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।
जानकारी के अनुसार स्टेडियम मार्केट की पहली मंजिल पर संजय जैन का कोरियर ऑफिस संचालित होता है, जहां रिलायंस समेत करीब छह कंपनियों की कोरियर सेवाएं चलती हैं। शनिवार 15 अगस्त की शाम करीब 6.30 बजे ऑफिस बंद करने के बाद जैन घर चले गए थे। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण ऑफिस नहीं खोला गया।
सोमवार सुबह टूटा मिला शटर का ताला
सोमवार सुबह करीब 9 बजे संजय जैन ऑफिस पहुंचे तो शटर के तालों के नकूचे टूटे हुए मिले। अंदर जाने पर कोरियर पार्सल और दस्तावेज बिखरे पड़े थे। ऑफिस का मोबाइल, गल्ले में रखी करीब 500 से 700 रुपए की नकदी और कुछ कोरियर पार्सल चोरी होने की बात सामने आई है। पार्सलों की संख्या और अन्य सामान की जानकारी के लिए ऑनलाइन रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
दो बदमाश कैमरे में कैद
सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 3 बजे दो नकाबपोश बदमाश ऑफिस के आसपास दिखाई दिए। एक बदमाश बाहर निगरानी करता रहा, जबकि दूसरा ऑफिस के अंदर घुस गया। अंदर पहुंचते ही उसने सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदलने का प्रयास किया, लेकिन दूसरे कैमरों में उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं। फुटेज में बदमाश करीब 30 मिनट तक ऑफिस में सामान तलाशता दिखाई दे रहा है।
थाने के सामने वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
स्टेडियम मार्केट स्टेशन रोड थाने के ठीक सामने स्थित है और यह क्षेत्र मुख्य व व्यस्त मार्ग पर आता है। इसके बावजूद रात के समय बदमाशों द्वारा शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देना पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। संचालक ने घटना की सूचना स्टेशन रोड पुलिस को दे दी है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और चोरी की पूरी वारदात की जांच में जुटी है।




