गोवर्धनपुरा गांव में जल संरक्षण का लिया संकल्प, गंगाजल कलश यात्रा के साथ मनाया गया गंगा दशहरा उत्सव

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

गोवर्धनपुरा गांव में जल संरक्षण का लिया संकल्प, गंगाजल कलश यात्रा के साथ मनाया गया गंगा दशहरा उत्सव

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम 

रतलाम- (Ratlam) जिले के सैलाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत अडवानी के गोवर्धनपुरा गांव में सोमवार को मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा गंगा दशहरा उत्सव के अंतर्गत जल गंगा संवर्धन अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मे ग्रामीणों को जल संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। आयोजन में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और जल बचाने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत सीईओ रिया गेरा, पुर्व विधायक संगीता विजय चारेल, जनपद अध्यक्ष कैलाशी रामचन्द्र चारेल, पंचायत सरपंच जमना चैनराम मईडा, अनिल शाहु राठोर, देवचन्द्र पाटीदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। आयोजन के दौरान नदी बचाएं, जल बचाएं, भविष्य बचाएं तथा स्वच्छ जल, समृद्ध कल जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण का महत्व समझाया गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में जल संकट एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है, इसलिए जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा गंगा दशहरा उत्सव के तहत विभिन्न गतिविधियों की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में गोवर्धनपुरा गांव में जल स्रोत पूजन एवं गंगाजल कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीणों ने जल स्रोतों की पूजा-अर्चना कर नदियों, तालाबों और कुओं को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया। पूरे गांव में यात्रा के दौरान जल संरक्षण से जुड़े नारों से वातावरण गूंज उठा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। शपथ में ग्रामीणों ने जल के महत्व को समझते हुए उसके समुचित, संयमित एवं विवेकपूर्ण उपयोग का संकल्प लिया। साथ ही अपने घर, गांव एवं आस-पास के तालाबों, कुओं, बावड़ियों, नदियों और अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने की बात कही। ग्रामीणों ने यह भी संकल्प लिया कि वे जल संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। इस अवसर पर पौधारोपण के महत्व पर भी जोर दिया गया।

ग्रामीणों को पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और भूजल स्तर बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से गांव में जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ और लोगों में जल स्रोतों को बचाने के प्रति जागरूकता देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *