15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित, कृषि उपज मंडी में होगा मुख्य समारोह
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (sailana) आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से मनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जनपद पंचायत सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सुनील जायसवाल ने की तथा जनपद पंचायत सीईओ रिया गेरा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को समारोह की तैयारियों एवं जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में एसडीएम सुनील जायसवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है, इसलिए सभी शासकीय एवं अर्द्धशासकीय संस्थानों में सम्मानपूर्वक ध्वजारोहण किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी शासकीय भवनों पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था एवं विद्युत सज्जा सुनिश्चित की जाए। इस वर्ष जिले का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित होगा, जहां ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य आयोजन संपन्न होंगे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर में विशाल रैली का भी आयोजन किया जाएगा। सभी स्कूलों के छात्र-छात्राएं बस स्टैंड पर एकत्रित होंगे, जहां से देशभक्ति के नारों एवं बैंड के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रैली कृषि उपज मंडी परिसर पहुंचेगी। रैली के समापन के बाद ध्वजारोहण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पेयजल, स्वच्छता, मंच व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा कर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




