ग्राम पंचायत अडवानिया भवन में चोरी, ताला तोड़कर 18 कुर्सियां, इनवर्टर-बैटरी सहित दस्तावेज ले उड़े चोर

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

ग्राम पंचायत अडवानिया भवन में चोरी, ताला तोड़कर 18 कुर्सियां, इनवर्टर-बैटरी सहित दस्तावेज ले उड़े चोर

रतलाम- (एमपी की खबर) सैलाना थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अज्ञात चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब सरकारी भवनों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला ग्राम पंचायत अडवानिया का है, जहां अज्ञात चोरों ने पंचायत भवन का ताला तोड़कर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने ग्राम पंचायत अडवानिया के पंचायत भवन को निशाना बनाया। चोरों ने भवन के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखा सामान चोरी कर लिया। चोर पंचायत भवन से 18 कुर्सियां, एक इनवर्टर, बैटरी, वाई-फाई डिवाइस और करीब 200 फीट केबल अपने साथ ले गए। इतना ही नहीं, चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे पंचायत से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी चोरी कर लिए।

ग्राम पंचायत की सरपंच जमना (चैनराम) मईडा ने बताया कि पंचायत भवन में हुई चोरी की जानकारी मिलने के बाद पंचायत सचिव देवीलाल द्वारा थाने में आवेदन प्रस्तुत किया गया है। आवेदन में बताया गया है कि अज्ञात बदमाश पंचायत भवन का ताला तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखा सामान सहित पंचायत के जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवेदन लेकर मामले में जांच और अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पंचायत भवन जैसे सार्वजनिक स्थान पर चोरी की घटना होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक अज्ञात चोरों का पता लगाकर चोरी गए सामान की बरामदगी कर पाती है।