सैलाना नगर में दीपावली पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने की कार्रवाई, मिठाई व नमकीन दुकानों से लिए सैंपल

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

सैलाना नगर में दीपावली पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने की कार्रवाई, मिठाई व नमकीन दुकानों से लिए सैंपल

रतलाम- (एमपी की खबर) रतलाम जिले के सैलाना नगर में दीपावली पर्व को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने गुरुवार को नगर में विभिन्न मिठाई एवं नमकीन की दुकानों का निरीक्षण किया। इसी दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाई, नमकीन एवं बर्फी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई की।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया एवं पुनित गिरजे की मौजूदगी में विभागीय टीम ने नगर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान मोदी आई एवं स्वीट्स, जैन मिष्ठान भंडार, कावेरी रेस्टोरेंट तथा जोधपुर स्वीट्स कॉर्नर से नमकीन, मिठाई एवं बर्फी के सैंपल लिए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा लिए गए इन नमूनों को जांच के लिए भोपाल स्थित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि जांच में किसी प्रकार की मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

दीपावली के दौरान मिठाई, नमकीन एवं अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।