“एक पेड़ माँ के नाम”अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम किया आयोजित
सीटी रिपोर्टर- मोहित शर्मा, mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) स्वामी विवेकानंद शासकीय वाणिज्य महाविद्यालय, रतलाम में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिवार द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुँचाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश माथुर के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधारोपण कर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
प्राचार्य डॉ. राकेश माथुर ने अपने संबोधन में कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” केवल वृक्षारोपण अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति हमारी कृतज्ञता व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) एवं महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने उत्साह पूर्वक सहभागिता करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।




