हार-जीत नहीं, खेलना महत्वपूर्ण- डॉक्टर पाटीदार
जिला स्तरीय वालीबॉल प्रतियोगिता में सैलाना महाविद्यालय विजेता,रतलाम महाविद्यालय रहा उपविजेता
रतलाम- (एमपी की खबर) खेल हममें एकजुटता और सहयोग की भावना का विकास करते हैं , यह महत्वपूर्ण नहीं कि कौन विजेता रहा और कौन पराजित हुआ ? महत्वपूर्ण सहभागिता है , चाहे फिर हमारा जीवन हो या खेल का मैदान। उक्त संबोधन प्राचार्य डॉक्टर आर पी पाटीदार ने जिले के सैलाना महाविद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय वालीबॉल पुरुष प्रतियोगिता के अवसर पर व्यक्त किए।
जानकारी देते हुए क्रीड़ा अधिकारी रक्षा यादव ने बताया कि महाविद्यालय के वॉलीबॉल कोर्ट पर संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता में रतलाम जिले के 6 महाविद्यालयों शासकीय अग्रणी महाविद्यालय रतलाम, शासकीय महाविद्यालय सैलाना, शासकीय वाणिज्य महाविद्यालय रतलाम, शासकीय भगतसिंह महाविद्यालय जावरा, विधि महाविद्यालय रतलाम, योगेंद्रसागर महाविद्यालय रतलाम की टीमों ने इसमें सहभागिता की। जिसमें सैलाना महाविद्यालय विजेता और अग्रणी महाविद्यालय रतलाम उपविजेता रहा ।
खेल के प्रारंभ से ही सैलाना महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए खेल के हर क्षेत्र में दबाव बनाए रखा। फाइनल मैच में शासकीय महाविद्यालय सैलाना ने शासकीय अग्रणी महाविद्यालय रतलाम को लगातार दो सेटों में 15 – 5 एवं 15 – 8 से हराकर निर्णायक जीत प्राप्त की।सैलाना महाविद्यालय के महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने पर प्राचार्य डॉ आर पी पाटीदार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए।खिलाड़ियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की ।
भरत मईड़ा (कप्तान), योगेश मईड़ा, अजय, कृष भांवर, महेश डाबी, राकेश मईड़ा,धुला डोडियार विजेता टीम के इन सभी खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इसके पश्चात रतलाम जिले की वॉलीबॉल टीम इस महीने शाजापुर में होने वाली संभाग स्तरीय वालीबॉल प्रतियोगिता में सहभागिता करेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।




