जूनावास के राजा के दरबार में लगाया छप्पन व्यंजनों का भोग, महाआरती एवं भव्य अखाड़ा प्रदर्शन का किया आयोजन

सैलाना- (एमपी की खबर) आपका अपना परिवार एवं सैलाना सामाजिक सेवा समिति द्वारा आयोजित शानदार 11वें गणेश उत्सव के अंतर्गत 24 सितंबर 2026, गुरुवार को जूनावास स्थित “जूनावास के राजा” के दरबार में भव्य छप्पन भोग, महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में भगवान श्री गणेश को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित कर विधिवत महाआरती की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान श्री गणेश के दर्शन एवं आरती का लाभ लिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जय वीर बालाजी व्यायामशाला, सैलाना के पहलवानों द्वारा प्रस्तुत भव्य अखाड़ा प्रदर्शन रहा। पहलवानों ने विभिन्न पारंपरिक खेलों एवं हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों के साथ पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक अनार एवं आकर्षक आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की गई।
आयोजकों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा कामना की कि भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद सभी पर सदैव बना रहे।



