सैलाना में दराते खरीदने के बहाने लोहार को फंसाया, हाथ पकड़कर सोने की बालियां और चांदी की अंगूठी लूटी

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

सैलाना में दराते खरीदने के बहाने लोहार को फंसाया, हाथ पकड़कर सोने की बालियां और चांदी की अंगूठी लूटी

शबस स्टैंड से चार दराते लेकर बदमाशों के साथ पहुंचा था बायपास, पीछे से हाथ पकड़कर दिया वारदात को अंजाम; CCTV में कैद हुए संदिग्ध

ब्यूरो चीफ- कृष्णकांत मालवीय

रतलाम- (एमपी की खबर) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के सैलाना नगर में रविवार दोपहर दिनदहाड़े दराते बेचने वाले एक लोहार के साथ लूट की वारदात सामने आई। तीन बाइक सवार बदमाशों ने दराते खरीदने के बहाने लोहार को पहले बातचीत में उलझाया और अधिक संख्या में दराते खरीदने का झांसा देकर अपने साथ बायपास क्षेत्र में ले गए। यहां पीछे से हाथ पकड़कर उसे डराया-धमकाया और उसके कानों में पहनी सोने की बालियां तथा हाथ की चांदी की अंगूठियां निकालकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार जेवरों की कीमत करीब 30 हजार रुपए है। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।

पिपलौदा के झाला नगर निवासी विष्णु पिता दिनेश गाडोलिया (लोहार) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह लोहे के दराते बेचने का काम करता है। रविवार सुबह करीब 9 बजे वह अपनी माताजी मोहनबाई के साथ सैलाना में दराते बेचने आया था। दोपहर करीब 12.30 बजे दोनों बस स्टैंड पर दराते बेच रहे थे। इसी दौरान दो युवक उसके पास आए और दराते खरीदने की बात कही। विष्णु ने एक दराते की कीमत 120 रुपए बताई।

युवकों ने कहा कि उनके अन्य साथी बोदिना फंटे पर हैं और उन्हें 15 से 20 दराते चाहिए। बातचीत के बाद प्रति दराता 110 रुपए में सौदा तय हुआ। इसके बाद विष्णु चार दराते लेकर दोनों युवकों के साथ बोदिना फंटे की ओर चला गया। वहां युवकों ने बताया कि उनकी गाड़ी हरियाली ढाबे के पास खड़ी है और वहीं चलकर अन्य साथियों को दराते दिखाने की बात कही।

हरियाली ढाबे के पास पहुंचते ही बदली नीयत

विष्णु के अनुसार करीब 1.30 बजे हरियाली ढाबे के पास पहुंचने पर एक युवक ने पीछे से उसके दोनों हाथ पकड़ लिए। दूसरे युवक ने उसके कान में पहनी पुरानी सोने की दोनों बालियां और हाथ में पहनी चांदी की अंगूठियां निकाल लीं। इसके बाद बदमाशों ने उसे डराया-धमकाया। घबराए विष्णु ने चारों दराते वहीं फेंक दिए और वापस बस स्टैंड पहुंचकर अपनी माताजी को घटना की जानकारी दी। बाद में पिता को फोन कर पूरी घटना बताई।

एसपी ने मौके पर पहुंचकर खंगाले CCTV

दिनदहाड़े हुई वारदात को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने गंभीरता से लिया। घटना के दूसरे दिन सोमवार को एसपी स्वयं बायपास स्थित वारदात स्थल पर पहुंचे। उन्होंने पास की नमकीन दुकान पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध बदमाश दिखाई दिया। इसके बाद एसपी बस स्टैंड पहुंचे और वहां दुकानदारों द्वारा लगाए गए CCTV कैमरों के फुटेज भी देखे। इस दौरान थाना प्रभारी पिंकी आकाश मौजूद रहीं।

2 से 3 बदमाश सामने आए, गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई

एसपी अमित कुमार ने बताया कि दराते बेचने वाले व्यक्ति के साथ लूट की घटना हुई है। वारदात में 2 से 3 बदमाश सामने आए हैं। घटना की FIR तत्काल दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। प्रयास है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।