श्राद्ध पक्ष से पहले महादान: सैलाना में पहली बार देहदान का संकल्प, मेडिकल छात्रों के अध्ययन में आएगी पार्थिव देह

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

श्राद्ध पक्ष से पहले महादान: सैलाना में पहली बार देहदान का संकल्प, मेडिकल छात्रों के अध्ययन में आएगी पार्थिव देह

सैलाना- (एमपी की खबर) श्राद्ध पक्ष शुरू होने से पहले दान-पुण्य की परंपरा के बीच सैलाना में एक अनूठी पहल सामने आई है। भूरामल कॉलोनी निवासी 72 वर्षीय परशुराम पंवार ने देहदान का संकल्प लेकर सैलाना क्षेत्र में पहली बार इस तरह की पहल की है। पंवार ने परिवार की सहमति से देहदान का संकल्प पत्र भरकर अपनी पार्थिव देह मेडिकल शिक्षा के लिए समर्पित करने का निर्णय लिया।

डिप्लोमा मैकेनिकल इंजीनियर रहे परशुराम पंवार मूल रूप से कर्नाटक के बागलकोट के रहने वाले हैं। जीवन के अलग-अलग पड़ावों में वे गोवा और मध्यप्रदेश के राऊ में रहे और वर्तमान में सैलाना में निवास कर रहे हैं। वे पत्रकार मनोज भंडारी के ससुर हैं और बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव गोविंद काकानी अपने मित्र विपिन श्रीमाल के साथ सैलाना पहुंचे। परिवार और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में देहदान की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान काकानी ने देहदान की प्रक्रिया और मेडिकल शिक्षा में इसके महत्व की जानकारी दी।

बताया गया कि दान की गई पार्थिव देह मेडिकल विद्यार्थियों को मानव शरीर की संरचना और शरीर रचना विज्ञान के अध्ययन में उपयोगी होती है। मेडिकल कॉलेज में अध्ययन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार पार्थिव देह का अंतिम संस्कार किया जाता है। इस दौरान देहदान के बाद मिलने वाले राजकीय सम्मान की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि देहदानकर्ता के निधन के बाद मेडिकल कॉलेज की टीम पार्थिव देह लेने पहुंचती है और पुलिस विभाग की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाता है।

पत्नी रंजना पंवार, पुत्र मंजूनाथ और पुत्रियों वैशाली एवं वंदना की सहमति के बाद देहदान का संकल्प पत्र भरा गया। पंजीयन संबंधी दस्तावेज डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडे मेडिकल कॉलेज रतलाम के शरीर रचना विभागाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंगरौले के माध्यम से डीन डॉ. अनीता मूथा द्वारा परिवार को उपलब्ध कराए जाएंगे।

कार्यक्रम में धर्मेन्द्र शिकारी, मोतीलाल मालवीय, गोपाल कुमावत, पप्पी मिश्रा, अशोक क्षोत्रिय सहित नगर के पत्रकार, गणमान्य नागरिक और परिवारजन मौजूद रहे। आभार मनोज भंडारी ने माना।