पुद्दुचेरी के राष्ट्रीय मंच पर चमकेगा रतलाम के शासकीय माध्यमिक विद्यालय घोड़पल्ला का ‘बाल अन्वेषक’ करण भूरिया, मध्यप्रदेश का करेगा प्रतिनिधित्व

जनजातीय कार्य विभाग के विद्यालयों से चयनित प्रदेश का एकमात्र विद्यार्थी; एकीकृत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवगढ़ संकुल के अंतर्गत ने रचा इतिहास
रतलाम- (एमपी की खबर) जब दृढ़ संकल्प, नवाचारी सोच और कुशल शैक्षणिक मार्गदर्शन का संगम होता है, तो ग्रामीण व आदिवासी अंचल की प्रतिभाएँ भी राष्ट्रीय क्षितिज पर अपनी अमिट छाप छोड़ती हैं। रतलाम जिले के एकीकृत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवगढ़ जिला रतलाम संकुल एवं जन शिक्षा केंद्र के अंतर्गत संचालित एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय, घोड़ापल्ला (तहसील सैलाना) के कक्षा सातवीं के होनहार छात्र करण भूरिया ने अपनी असाधारण मेधा से समूचे अंचल और प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
ग्राम पूनापड़ाव निवासी पिता लक्ष्मण एवं माता सुनीता के इस प्रतिभावान पुत्र का चयन राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) द्वारा आयोजित 53वीं राष्ट्रीय बाल नवाचार प्रदर्शनी (RBVP)-2026 के लिए हुआ है। यह एकीकृत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवगढ़ जिला रतलाम संकुल और समूचे रतलाम जिले के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि करण जनजातीय कार्य विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा संचालित विद्यालयों से इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्पर्धा में चयनित होने वाले प्रदेश के एकमात्र विद्यार्थी हैं।
आगामी 14 से 19 दिसंबर 2026 तक ओल्ड पोर्ट ग्राउंड, गोबर्ट एवेन्यू (बीच रोड), पुद्दुचेरी में आयोजित होने वाली इस भव्य राष्ट्रीय प्रदर्शनी में करण भूरिया मध्यप्रदेश के अनुसूचित जनजाति कार्य विभाग तथा शिक्षा विभाग (राज्य शिक्षा केंद्र) का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस राष्ट्रीय मंच पर देश के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित कुल 202 बाल अन्वेषक अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जिनके बीच एकीकृत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवगढ़ जिला रतलाम संकुल का यह नन्हा सितारा प्रदेश का परचम लहराएगा। करण ने अपनी मार्गदर्शक शिक्षिका स्वाती सक्सेना के कुशल निर्देशन में “गणित जादुई बोर्ड” नामक एक अत्यंत रोचक, व्यावहारिक और नवाचारी मॉडल तैयार किया है। यह जादुई बोर्ड विद्यार्थियों के मन से गणित का भय समाप्त कर कठिन सूत्रों, पहाड़ों और गणितीय अवधारणाओं को खेल-खेल में अत्यंत सरल व प्रत्यक्ष तरीके से समझाने में सक्षम है, जिसकी मौलिकता और उपयोगिता ने राज्य स्तर पर निर्णायकों को विशेष रूप से प्रभावित किया है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे छात्र करण की अटूट लगन के साथ-साथ मार्गदर्शक शिक्षिका स्वाती सक्सेना की दूरदर्शिता, नवाचारी शिक्षण शैली और समर्पित परिश्रम की निर्णायक भूमिका रही है, जिन्होंने ग्रामीण परिवेश के इस विद्यार्थी की छिपी हुई प्रतिभा को तराशकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाया है। करण ने दिसंबर 2025 में अपनी इस विजय यात्रा की शुरुआत करते हुए विद्यालय स्तर, जनशिक्षा केंद्र स्तर, ब्लॉक स्तर, जिला स्तर तथा संभाग स्तर पर लगातार प्रथम स्थान प्राप्त किया और तत्पश्चात 19 से 21 अगस्त 2026 तक नरसिंहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्पर्धा में अपना स्थान पक्का किया।
एकीकृत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवगढ़ जिला रतलाम संकुल एवं जन शिक्षा केंद्र की इस गौरवशाली सफलता पर संकुल के प्राचार्य जितेंद्र कुमार गुप्ता ने अत्यंत हर्ष व्यक्त करते हुए छात्र करण भूरिया और मार्गदर्शक शिक्षिका स्वाती सक्सेना को हार्दिक बधाई दी है। उल्लेखनीय है कि प्राचार्य जितेंद्र कुमार गुप्ता के दूरदर्शी नेतृत्व, कुशल प्रशासनिक मार्गदर्शन और विद्यार्थियों में रचनात्मक व तार्किक दृष्टिकोण विकसित करने की निरंतर प्रेरणा के परिणामस्वरूप एकीकृत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवगढ़ संकुल आज शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्राचार्य गुप्ता ने इसे संकुल और जनजातीय अंचल के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि संसाधनों की सीमाओं के बावजूद ग्रामीण बच्चों की प्रतिभा किसी से कम नहीं है। इस अवसर पर एकीकृत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवगढ़ संकुल परिवार एवं विद्यालय के शिक्षक साथियों लक्ष्मण सिंह अमलियार, देवेंद्र वाघेला, घनश्याम बैरागी, महेंद्र प्रताप सिंह पंवार, राधेश्याम मालवीय तथा भारतलाल चौहान, भगवती लाल पाटीदार ,सेतु मईडा ने करण के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पुद्दुचेरी में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।




