रावटी के जंगल में मिले कंकाल की हुई पहचान, चार आरोपी गिरफ्तार, 15 दिन पुरानी घटना का पुलिस ने किया खुलासा

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

रावटी के जंगल में मिले कंकाल की हुई पहचान, चार आरोपी गिरफ्तार, 15 दिन पुरानी घटना का पुलिस ने किया खुलासा

चाकू दिखाकर घर में घुसे थे चार युवक, हाथापाई के दौरान एक साथी की हुई थी मौत; शव को झाड़ियों में छोड़कर हुए थे फरार

रतलाम- (एमपी की खबर) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के रावटी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिलड़ी के समीप बीगा पाटन के जंगल में मिले अज्ञात नरकंकाल के मामले का रतलाम पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। वैज्ञानिक, भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान गोलू कटारा के रूप में की है। मामले में चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि 30 अक्टूबर की रात चार व्यक्ति ग्राम बिलड़ी निवासी मड़िया गामड़ के घर पहुंचे थे। यहां घर में रखी रकम मांगने और चाकू दिखाकर धमकाने के दौरान हाथापाई हुईं, जिसमें गोलू कटारा की मौत हो गई थी।

पुलिस के अनुसार 14 नवंबर को रावटी थाना क्षेत्र में अज्ञात कंकाल मिलने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक अधिकारी और डॉग स्क्वॉड की मदद से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। वहीं मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान के प्रयास किए गए। जांच में सामने आया कि 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे गोलू कटारा अपने साथियों अनिल मुनिया, संजय गरवाल और बाबूलाल गामड़ के साथ ग्राम बिलड़ी निवासी मड़िया गामड़ के घर पहुंचा था।

पुलिस के मुताबिक, दरवाजा खुलवाने के बाद तीन व्यक्ति घर के अंदर दाखिल हुए और मड़िया से रकम की मांग करते हुए चाकू दिखाकर धमकाया। इसी दौरान मड़िया ने आत्मरक्षा में चाकू पकड़ लिया, जिससे उसका धारदार हिस्सा टूट गया। इसके बाद हुए संघर्ष में मड़िया ने गोलू और संजय को चाकू से चोट पहुंचाई। शोर-शराबा होने पर चारों जंगल की ओर भागे। कुछ दूरी पर गोलू खाईनुमा स्थान पर गिरकर बेहोश हो गया। साथियों ने उसे उठाकर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो जाने पर वे शव को झाड़ियों में छोड़कर फरार हो गए।

14 नवंबर को कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क किया। गोलू की बहन और पिता के कथनों के साथ अनिल मुनिया एवं बाबूलाल गामड़ से पूछताछ के आधार पर कंकाल की पहचान गोलू कटारा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। पुलिस ने मामले में मड़िया गामड़ के विरुद्ध अपराध क्रमांक 778/2026, धारा 105 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में अनिल मुनिया (20), बाबूलाल गामड़ (22), संजय गरवाल (20) और मड़िया गामड़ (68), सभी निवासी ग्राम बिलड़ी, को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और विवेचना जारी है। वही इस कार्रवाई में एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा, थाना प्रभारी रावटी मनीष डावर सहित रावटी थाना पुलिस और साइबर सेल रतलाम की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।