सावन में निकली भव्य बालवीर कावड़ यात्रा, नन्हे कांवड़ियों ने किया महादेव का जलाभिषेक
सैलाना- (एमपी की खबर) सावन माह के पावन अवसर पर रविवार को नगर में नन्हे बच्चों द्वारा भव्य बालवीर कावड़ यात्रा निकाली गई। महादेव की भक्ति में रंगे बच्चों ने गले में महाकाल का दुपट्टा धारण कर तथा हाथों में कावड़ लेकर यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। डीजे की धार्मिक धुनों और भगवान भोलेनाथ के जयकारों से नगर का वातावरण शिवमय हो गया।
बालवीर कावड़ यात्रा का शुभारंभ नगर की आनंद विहार कॉलोनी स्थित कालिका माता रोड से हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में नन्हे बालवीर कांवड़िए शामिल हुए। बच्चों के साथ उनके अभिभावक एवं श्रद्धालु भी यात्रा में मौजूद रहे। कावड़ियों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान शिव का स्मरण करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का स्वागत किया। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच बच्चे भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। नन्हे कांवड़ियों की श्रद्धा और उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयघोष गूंजते रहे।
बालवीर कावड़ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां पहुंचने के बाद सभी कांवड़ियों ने श्रद्धापूर्वक भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए। इसके पश्चात कांवड़ में लाए गए जल से भगवान शिव के शिवलिंग का जलाभिषेक किया गया। बच्चों ने भगवान महादेव से सुख-समृद्धि एवं नगरवासियों की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सावन माह में आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने बच्चों में भी भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और परंपराओं के प्रति उत्साह का भाव जागृत किया। नन्हे कांवड़ियों की भक्ति और अनुशासन ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। यात्रा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।




