सैलाना में बोहरा समाज ने ईद मिलाद उन नबी पर निकाला जुलूस

सैलाना- (एमपी की खबर) ईद मिलाद उन नबी के पावन पर्व पर बोहरा समाज द्वारा नगर में भव्य जुलूस का आयोजन किया। जुलूस बोहरा मस्जिद से शुरू होकर राजवाड़ा चौराहा, सब्जी मार्केट, मस्जिद चौराहा, बस स्टैंड, रंगवाड़ी मोहल्ला होते हुए बोहरा बाखल पहुंचकर समाप्त हुआ।
जुलूस में सबसे आगे घुड़सवार तिरंगा और धार्मिक ध्वज लेकर चल रहे थे जिनके पीछे फखरी स्काउट बैंड मधुर धुन बजाते हुए कदम ताल कर रहा था। जुलूस में मुख्य आकर्षण बच्चे रहे जो हाथों में बच्चों को मोबाइल से दूरी अन्न को व्यर्थ न करने और कपड़ो को जरूरतमंदों तक पहुंचाने का सार्थक संदेश देने वाले बैनर लेकर चल रहे थे।
उल्लेखनीय हैं कि बोहरा समाज में धर्मगुरु सैय्यदना मुफद्दल सैफुद्दीन के निर्देशानुसार १५ वर्ष से कम उम्र के बच्चों को मोबाइल से दूर रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, इसके साथ ही बच्चों को छोटी उम्र से ही अन्न को व्यर्थ न करने, जरूरतमंदों की सहायता करने जैसी शिक्षा दी जा रही हैं। जुलूस में जनाब आमिल साहब मुल्ला हुसैन, शेख हैदर अली, शेख नजमुद्दीन, शेख ताहिर अली, शेख फखरुद्दीन, शेख मुस्तनसिर, शेख हसन अली, समाज के सेक्रेट्री खोजेमा मज़ाकी सहित समाज के सदस्यों ने हिस्सा लिया।





