पैराडाइज वैली में दर्दनाक हादसा: दो शिक्षकों और छात्र की डूबने से मौत
रतलाम/जावरा- (मोहित शर्मा) रविवार को पैराडाइज वैली पिकनिक स्पॉट पर एक दर्दनाक हादसे में दो शिक्षकों और कक्षा 7 वीं के एक छात्र की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ। जब पिकनिक पर पहुंचे विद्यार्थियों में से कुछ बच्चे पानी के किनारे खेल रहे थे।
इसी दौरान दो बच्चे अचानक पानी में चले गए। उन्हें बचाने के प्रयास में दो शिक्षक भी गहरे पानी में उतर गए और बाहर नहीं निकल सके। मृतकों की पहचान जावरा के त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के शिक्षक प्रिंस मोदी (22), विजय सिंह राठौर (42) और कक्षा 7 वीं के विद्यार्थी हर्षित पाटीदार (12) के रूप में हुई है। हादसे में तीन छात्र-छात्राओं को भी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। इनमें खुशी (15), अन्वेष (15) और सिद्धि (16) शामिल हैं।
17 विद्यार्थियों के साथ स्कूल स्टाफ पहुंचा था पिकनिक पर
जानकारी के अनुसार त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के कक्षा 7 वीं और 9 वीं के करीब 17 विद्यार्थी रविवार सुबह जावरा से बस के जरिए पैराडाइज वैली पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि ये विद्यार्थी स्कूल के म्यूजिक ग्रुप से जुड़े हुए हैं। विद्यार्थियों के साथ प्रिंसिपल संदीप सक्सेना सहित शिक्षक शिवम राठौर, विजय सिंह राठौर, परवेज खान, प्रिंस मोदी और लेखापाल विजेंद्र सिंह भी मौजूद थे। दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच कुछ विद्यार्थी पानी के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक हर्षित पाटीदार और छात्रा खुशी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों पानी में जा गिरे।
हर्षित को बचाने उतरे शिक्षक, गहराई में फंसे
बच्चों को पानी में गिरता देख शिक्षक प्रिंस मोदी और विजय सिंह राठौर तुरंत बचाव के लिए पहुंचे। प्रयास के दौरान खुशी को पानी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन हर्षित को बचाने की कोशिश में दोनों शिक्षक गहरे पानी की ओर चले गए। कुछ ही देर में तीनों पानी में डूब गए। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण और अन्य लोग घटनास्थल पर पहुंचे तथा बचाव की कोशिश शुरू की गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद तीनों को रतलाम मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अपनों को खोने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं हादसे में बचाई गई छात्रा खुशी पिता नंदलाल रायकवार (15) को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्वेष और सिद्धि का भी उपचार जारी है।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। हादसे ने पिकनिक स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और पानी के आसपास विद्यार्थियों की निगरानी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




