नवागत आईपीएस लेखराज मीणा ने संभाला सैलाना एसडीओपी का पदभार

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

नवागत आईपीएस लेखराज मीणा ने संभाला सैलाना एसडीओपी का पदभार

रतलाम/सैलाना- (कृष्णकांत मालवीय) नवागत आईपीएस अधिकारी लेखराज मीणा ने शनिवार को सैलाना एसडीओपी के पद पर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति और पुलिसिंग से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली।

कार्यभार ग्रहण के दौरान एसडीओपी मीणा ने क्षेत्र की भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियों, संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों से क्षेत्र में चल रही पुलिस गतिविधियों और अपराध नियंत्रण को लेकर भी जानकारी प्राप्त की।

नवागत एसडीओपी के समक्ष अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आमजन की शिकायतों का त्वरित निराकरण तथा पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय जैसी प्रमुख जिम्मेदारियां रहेंगी। इसके अलावा आगामी दिनों में सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन भी महत्वपूर्ण चुनौती रहेगी।

पदभार संभालने के बाद आईपीएस लेखराज मीणा ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने तथा आमजन के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस तत्परता से कार्य करेगी।