रतलाम के डीडी नगर थाने में दो बहनों के आत्मदाह के प्रयास से हड़कंप,भाजपा नेता चेतन टांक समेत 6 पर केस दर्ज

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

रतलाम के डीडी नगर थाने में दो बहनों के आत्मदाह के प्रयास से हड़कंप,भाजपा नेता चेतन टांक समेत 6 पर केस दर्ज

पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी और आत्महत्या के प्रयास के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं में की कार्रवाई; पड़ोसियों से विवाद में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाकर थाने पहुंची थीं युवतियां

रतलाम- (एमपी की खबर) शहर के डीडी नगर थाने में शुक्रवार रात उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब दो बहनों ने खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। दोनों बहनों का आरोप था कि पड़ोसियों के साथ हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। घटनाक्रम के बाद पुलिस ने भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला महामंत्री चेतन टांक समेत छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस की शिकायत के मुताबिक, घटना के दौरान थाने में मौजूद लोगों ने युवतियों को माचिस जलाने के लिए कहा। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने और माचिस छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी होने की बात भी सामने आई है। कार्रवाई नहीं होने की बात कहकर थाने पहुंची थीं बहनें डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव की शिकायत के अनुसार, 9 अक्टूबर की शाम वह थाने में एक मामले की जांच कर रहे थे। इसी दौरान नीरज टांक, चेतन टांक, मुस्कान टांक और हर्षिता टांक थाने पहुंचे। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर में कार्रवाई नहीं होने की बात कहते हुए हंगामा किया।

शिकायत में बताया गया है कि इसी दौरान मुस्कान टांक ने एक हरी कैन से खुद और अपनी बहन हर्षिता पर डीजल डाल लिया। इसके बाद उसने हाथ में माचिस लेकर खुद को आग लगाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए माचिस छीनने का प्रयास किया, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। थाना प्रभारी के घायल होने का भी आरोप
थाना प्रभारी की शिकायत के मुताबिक, माचिस छीनने के दौरान मुस्कान टांक के साथ झूमाझटकी हुई। आरोप है कि इसी दौरान थाना प्रभारी की गर्दन पर हाथ लगने से नाखून की चोट आई। कुछ देर बाद युवतियों के पिता पवन टांक और भाई सावन टांक भी थाने पहुंच गए। पुलिस का आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने हंगामा करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।

चेतन टांक समेत छह लोगों पर मामला दर्ज
पुलिस ने चेतन टांक, नीरज टांक, मुस्कान टांक, हर्षिता टांक, सावन टांक और पवन टांक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 121 (1), 226 और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में पुलिस की शिकायत और दर्ज एफआईआर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। चेतन टांक के खिलाफ पहले से दर्ज हैं 10 मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, चेतन टांक के खिलाफ पहले से 10 प्रकरण दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, जुआ सहित अन्य मामले शामिल बताए गए हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इनमें से चार मामलों में वह दोषमुक्त हो चुका है, जबकि एक मामले में राजीनामा हुआ है। शेष प्रकरण विचाराधीन बताए गए हैं।

क्या है, विवाद की वजह?

दोनों बहनों का आरोप है कि उनके पड़ोसियों ने उनके साथ मारपीट की और घर के सामने बीयर की बोतलें फेंकीं। उनका कहना था कि शिकायत के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही थी, जिसके चलते वे विरोध जताने थाने पहुंचीं। इसी दौरान खुद पर डीजल डालने की घटना हुई। मामले में पुलिस ने थाना प्रभारी की शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।