रावटी-शिवगढ़ के बीच 8 लेन एक्सप्रेसवे पर क्रॉसिंग बनाने की मांग को लेकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

रावटी-शिवगढ़ के बीच 8 लेन एक्सप्रेसवे पर क्रॉसिंग बनाने की मांग को लेकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम, ब्यूरो चीफ कृष्णकांत मालवीय।

रतलाम- (sailana) सैलाना आदिवासी क्षेत्र के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशुराम निनामा ने गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणजनो की उपस्थिति में बायडी पंचायत के काजलीया गांव रावटी रोड 8 लेन पर सैलाना एसडीएम सुनील कुमार जायसवाल को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर रावटी और शिवगढ़ के बीच 8 लेन एक्सप्रेसवे से जुड़ने के लिए क्रॉसिंग एवं संपर्क मार्ग का निर्माण कराने की मांग की गई।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में रावटी, बाजना, शिवगढ़,सरवन, अमरपुरा सहित आस-पास के क्षेत्रों से राजस्थान के कुशलगढ़, पाटन, अहमदाबाद, वडोदरा, महाराष्ट्र और अन्य स्थानों की ओर जाने वाले लोगों को एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के लिए काफी लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। नागरिकों को एक्सप्रेस वे का लाभ नहीं मिल पा रहा है। एक्सप्रेस वे पर चढ़ने के लिए नजदीक में प्रवेश मार्ग नहीं होने के कारण यात्रियों का समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि सबसे अधिक परेशानी गंभीर मरीजों, एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को होती है। समय पर एक्सप्रेसवे तक नहीं पहुंच पाने के कारण मरीजों के उपचार में देरी होती है, जिससे कई बार गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसके अलावा किसान, व्यापारी, विद्यार्थी और नौकरीपेशा लोगों को भी रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग करते हुए कहा कि रावटी-शिवगढ़ के मध्य दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर क्रॉसिंग एवं एंट्री-एग्जिट रैंप का निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिल सके और आवागमन सुगम हो।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशुराम निनामा ने कहा कि यह मांग किसी एक गांव की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनभावना से जुड़ी हुई है। यदि यहां क्रॉसिंग और संपर्क मार्ग का निर्माण किया जाता है तो रावटी, शिवगढ़, बाजना सहित आस-पास के अनेक गांवों के लोगों को राहत मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। एसडीएम सुनील कुमार जायसवाल ने ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार संबंधित विभाग एवं केंद्रीय मंत्री के समक्ष भेजने का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में रावटी-शिवगढ़ के बीच एट लेन एक्सप्रेसवे पर शीघ्र क्रॉसिंग एवं संपर्क मार्ग निर्माण की मांग दोहराई।

One thought on “रावटी-शिवगढ़ के बीच 8 लेन एक्सप्रेसवे पर क्रॉसिंग बनाने की मांग को लेकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *