सैलाना तहसीलदार ने जनगणना कार्य का किया निरीक्षण आवश्यक दिशा निर्देश दिए

ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) जिले के सैलाना क्षैत्र में आगामी जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सैलाना तहसीलदार कुलभूषण शर्मा ने सैलाना तहसील के ग्राम शिवगढ़, सरवन एवं करीया में चल रहे जनगणना कार्य का निरीक्षण किया।
शुक्रवार को तहसीलदार कुलभूषण शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से जनगणना कार्य की प्रगति की जानकारी ली गई। व विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। तहसीलदार शर्मा ने घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वेक्षण कार्य का अवलोकन करते हुए कहा कि जनगणना शासन की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्माण एवं क्रियान्वयन किया जाता है। इसलिए प्रत्येक परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करना अति आवश्यक है।
उन्होंने प्रगणकों को निर्देशित किया कि सर्वे के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्धारित प्रपत्रों में सभी जानकारियां सावधानी पूर्वक दर्ज की जाएं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुपरवाइजरों को भी निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से अपने क्षेत्र के प्रगणकों के कार्य की मॉनिटरिंग करें एवं किसी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल उसका निराकरण सुनिश्चित करें। तहसीलदार ने ग्रामीणों से भी जनगणना कार्य में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सही जानकारी उपलब्ध कराने से शासन को विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में सहायता मिलती है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।




