अल्पवर्षा से संकट में किसान, तत्काल सूखाग्रस्त घोषित हो रतलाम जिला : हर्ष विजय गेहलोत

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

अल्पवर्षा से संकट में किसान, तत्काल सूखाग्रस्त घोषित हो रतलाम जिला : हर्ष विजय गेहलोत

मुख्यमंत्री के नाम पत्र भेजकर फसल क्षतिपूर्ति, ऋण वसूली पर रोक और ब्याज माफी की उठाई मांग

ब्यूरो चीफ कृष्णकांत मालवीय, एमपी की खबर रतलाम

रतलाम- (एमपी की खबर) जिले में अल्पवर्षा के कारण किसानों के सामने गहराते जल एवं आर्थिक संकट को लेकर सैलाना विधानसभा के पूर्व विधायक एवं रतलाम जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम पत्र भेजकर किसानों को तत्काल राहत देने की मांग की है।

गेहलोत ने पत्र में कहा कि इस वर्ष रतलाम जिले में औसत से 50 से 70 प्रतिशत तक कम वर्षा होने के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं। अनेक क्षेत्रों में खेतों में पर्याप्त नमी नहीं बची है, वहीं तालाबों और कुओं का जलस्तर लगातार घट रहा है। आगामी फसल की बुवाई के लिए भी किसानों के सामने पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

उन्होंने मांग की कि जिले में तत्काल फसलों एवं खेतों का सर्वे करवाकर प्रभावित क्षेत्रों को सूखाग्रस्त घोषित किया जाए तथा किसानों को फसल क्षतिपूर्ति प्रदान की जाए। इसके साथ ही कृषि ऋण पर ब्याज माफी, ऋण वसूली में राहत तथा आवश्यकता अनुसार ऋण स्थगन की व्यवस्था की जाए।

गेहलोत ने निजी बैंकों एवं वित्तीय संस्थाओं से किसानों द्वारा लिए गए कृषि ऋण को भी राहत के दायरे में शामिल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि निजी वित्तीय संस्थाओं के कृषि ऋण के ब्याज में राहत देने के साथ ही संकट की अवधि में वसूली पर रोक लगाई जाए, ताकि किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

हर्ष विजय गेहलोत ने कहा कि किसान वर्तमान में गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। सरकार को जमीनी स्थिति का तत्काल सर्वे करवाकर वास्तविक नुकसान का आकलन करना चाहिए और बिना देरी किसानों तक राहत पहुंचानी चाहिए।