आश्रम से निकले 6 बच्चे 12 घंटे बाद सैलाना में सकुशल मिले
उज्जैन से ट्रेन और पैदल सफर कर पहुंचे, घर की याद आने पर छोड़ा आश्रम
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (sailana) उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र स्थित आदिवासी वर्ग के बच्चों के लिए संचालित अशासकीय आवासीय विद्यालय (आश्रम) से सोमवार सुबह 6 छात्र बिना बताए निकल गए। करीब 12 घंटे बाद सभी बच्चे रतलाम होते हुए सैलाना नगर के बस स्टैंड क्षेत्र में सकुशल मिले। पुलिस, विद्यालय प्रबंधन और आश्रम स्टाफ की तत्परता से सभी बच्चों को सुरक्षित खोज लिया गया।
जानकारी के अनुसार 10 से 14 वर्ष आयु के 6 बच्चे सोमवार सुबह करीब 10 बजे आश्रम से बिना किसी को बताए निकल गए। भोजन के समय उपस्थिति लेने पर बच्चों के नहीं मिलने पर विद्यालय के संचालक गणेश धाकड़ ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बच्चों की तलाश शुरू की गई और उनके परिजनों को भी जानकारी दी गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बच्चे उज्जैन से ट्रेन में बैठकर रतलाम पहुंचे और वहां से पैदल चलते हुए सैलाना आ गए। देर रात तक वे बस स्टैंड क्षेत्र में घूमते रहे। सूचना मिलने पर आश्रम की वार्डन और अन्य कर्मचारी सैलाना पहुंचे। पुलिस की मदद से रात करीब 10 बजे सभी बच्चों को सुरक्षित तलाश लिया गया। सैलाना थाने में बच्चों के बयान दर्ज किए गए। बच्चों ने बताया कि वे आश्रम में रहकर पढ़ाई नहीं करना चाहते थे और घर की याद आने के कारण वहां से निकल आए थे। पुलिस के अनुसार सभी बच्चे बाजना और सरवन क्षेत्र के निवासी हैं। आवश्यक कार्रवाई के बाद सभी बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।




