राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों का सम्मान

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों का सम्मान

रतलाम- (एमपी की खबर) रतलाम के मोहन नगर स्थित स्वामी विवेकानंद शासकीय वाणिज्य महाविद्यालय में शनिवार को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय स्तर पर महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतीश महेश्वरी ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर बैडमिंटन, बॉल बैडमिंटन, फुटबॉल, जूडो, टेबल टेनिस और क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ‘विवेकानंद गौरव खेल पुरस्कार’ प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने किया। उन्होंने राष्ट्रीय खेल दिवस की महत्ता बताते हुए विद्यार्थियों को खेलों में निरंतर सहभागिता और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. हर्षवर्धन मेहसन ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।