कांग्रेस का सरपंच बाप पार्टी में हुआ शामिल, विधायक कमलेश्वर डोडियार ने सदस्यता ग्रहण करवाई
ब्यूरो रिपोर्ट mpkikhabar रतलाम
रतलाम- (Ratlam) जिले के सैलाना विधानसभा क्षेत्र के बाजना अंचल की राजनीति में इन दिनों बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। एक ओर कांग्रेस पार्टी अनुशासनहीनता के मामलों में अपने कार्यकर्ताओं पर सख्त रुख अपनाते हुए सैलाना नगर में पार्षद और पूर्व परिषद अध्यक्ष के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई कर रही है। तो वहीं दूसरी ओर उसके आदिवासी समाज के जमीनी कार्यकर्ता अब भारत आदिवासी पार्टी (BAP) की ओर रुख करते नजर आ रहे हैं।
बाजना तहसील के ग्राम पंचायत घोड़ाखेड़ा के सरपंच लक्ष्मण मुनिया ने कांग्रेस का दामन छोड़ते हुए भारत आदिवासी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें पीला गमछा पहनाकर पार्टी में विधिवत शामिल कराया।इसी मौके पर विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों और क्षेत्रीय विकास के लिए हमारी प्रतिबद्धता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। लगातार युवाओं और जनप्रतिनिधियों का पार्टी से जुड़ना इस बात का संकेत है कि जनता अब बदलाव चाहती है।
लक्ष्मण मुनिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे कांग्रेस की नीतियों से निराश थे और विधायक डोडियार के जनहितैषी कार्यों व आदिवासी समाज के प्रति समर्पण से प्रभावित होकर उन्होंने BAP में शामिल होने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि अब वे पूरी निष्ठा से आदिवासी समाज सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करेंगे। सैलाना क्षेत्र में यह घटनाक्रम कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। एक तरफ जहां पार्टी अपने ही कार्यकर्ताओं को 6-6 साल के लिए निष्कासित कर रही है। वहीं दूसरी ओर वही कार्यकर्ता BAP का दामन थामकर कांग्रेस की जमीनी पकड़ को चुनौती दे रहे हैं।




