राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी में रतलाम जिले का दबदबा

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी में रतलाम जिले का दबदबा

रामपुरिया के छात्र रोहित डांगी ने प्रथम तथा घोड़ापल्ला के करन भूरिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया

रतलाम- (एमपी की खबर) राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल द्वारा सांदीपनी शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, सांईखेड़ा जिला नरसिंहपुर में 20 एवं 21 अगस्त 2026 को आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी 2025-26 में रतलाम जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम गौरवान्वित किया है।

प्रदर्शनी में विकासखंड रतलाम के शासकीय विद्यालय रामपुरिया के होनहार छात्र रोहित डांगी ने पर्यावरण के क्षेत्र में अपने नवाचार का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्र रोहित डांगी ने राज्य स्तर पर विज्ञान प्रदर्शनी के तहत नवाचार गतिविधि के रूप में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि के लिए मध्यप्रदेश शासन के शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। छात्र की इस सफलता में उनके मार्गदर्शक शिक्षक श्री दीपक शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसी क्रम में गणित विधा में विकासखंड सैलाना की शासकीय माध्यमिक शाला घोडापल्ला के कक्षा 6 वीं के छात्र करण पिता लक्ष्मण भूरिया ने राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। छात्र करन भूरिया एवं उनकी मार्ग दर्शक शिक्षिका स्वाती सक्सेना को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

छात्रों की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन, जिला शिक्षा केंद्र के जिला परियोजना समन्वयक अखिलेश कुमार राजपूत, सहायक समन्वयक राजेश कुमार झा, रतलाम बीआरसी सुरेखा माना तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवगढ के प्राचार्य जितेंद्र कुमार गुप्ता, सैलाना बीआरसी नरेंद्र पासी, जन शिक्षक रमेश परिहार, पप्पू लोधी ,साक्षरता समन्वयक देवेंद्र वाघेला, संस्था प्रभारी लक्ष्मण अमलियार, घनश्याम बैरागी, भारत सिंह चौहान, राधेश्याम मालवीय ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों उनके मार्ग दर्शक शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।