रतलाम में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया 17 वर्षीय युवक, मौके पर मौत; शिकायतों के बावजूद नहीं जागा बिजली विभाग

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

रतलाम में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया 17 वर्षीय युवक, मौके पर मौत; शिकायतों के बावजूद नहीं जागा बिजली विभाग

रतलाम- (एमपी की खबर) गांधीनगर क्षेत्र में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही ने एक परिवार का 17 वर्षीय चिराग बुझा दिया। नीमच निवासी युवराज सिंह अपने रिश्तेदार के घर आया था। बीती रात वह घर की छत पर टहलने गया, तभी पास से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे युवराज को परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद अब सबसे बड़ा सवाल विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहा है। वार्ड नंबर-1 के गांधीनगर, राधाकृष्ण मंदिर क्षेत्र में चांदमारी से मीराकुटी तक 11 केवी हाईटेंशन लाइन घरों के बेहद करीब से गुजर रही है। क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती भावना हितेश पेमाल के अनुसार, इस लाइन को लेकर पिछले कई वर्षों से संबंधित विभाग को पत्राचार और सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायतें की जाती रही हैं।

बताया जा रहा है कि शिकायतों में भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका भी जताई गई थी। बावजूद इसके, आरोप है कि संबंधित अधिकारियों की ओर से कार्रवाई के बजाय लगातार आश्वासन दिए जाते रहे। जब हाईटेंशन लाइन घरों के इतने करीब थी तो इसे सुरक्षित करने के लिए समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई? वर्षों से शिकायतें होने के बावजूद विद्युत विभाग ने खतरे को गंभीरता से क्यों नहीं लिया? एक परिवार ने अपना 17 साल का बेटा खो दिया। अब देखना यह है कि इस मौत के बाद भी सिर्फ आश्वासन मिलता है या जिम्मेदारी तय कर वास्तविक कार्रवाई भी होती है।