सैलाना सराफा व्यवसायियों ने किया नवागत एसडीओपी लेखराज मीणा का स्वागत

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

सैलाना सराफा व्यवसायियों ने किया नवागत एसडीओपी लेखराज मीणा का स्वागत

रतलाम- (एमपी की खबर) जिले के सैलाना में नवागत एसडीओपी लेखराज मीणा के पदभार ग्रहण करने के बाद विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा उनका स्वागत किया जा रहा है। इसी क्रम में सराफा व्यवसायियों के प्रतिनिधिमंडल ने नवागत एसडीओपी लेखराज मीणा से मुलाकात कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

इस दौरान सराफा व्यवसायियों ने एसडीओपी मीणा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, व्यापारियों की सुरक्षा और बाजार की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। सराफा कारोबारियों ने कहा कि सराफा बाजार में बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन खरीदारी और व्यापार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और बाजार क्षेत्र में प्रभावी पुलिस व्यवस्था व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए भी महत्वपूर्ण है।

व्यवसायियों ने नवागत एसडीओपी से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा आवश्यकता के अनुरूप पुलिस गश्त बढ़ाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान एसडीओपी लेखराज मीणा ने व्यापारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आश्वस्त करते हुए पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की बात कही।

एसडीओपी मीणा ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना है। व्यापारियों एवं नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से भी किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की।

स्वागत कार्यक्रम के दौरान सराफा व्यवसायी संगठन से जुड़े दिनेश सोनी, ओम सोनी, जितेन्द्र रांका, महेंद्र ग्वालियरी, नितेश सोनी, विनोद पाटीदार, स्वनिल ग्वालियरी, चिराग ग्वालियरी, अवी संघवी, सदा शिव सोनी, निरंजन कसेरा सहित बड़ी संख्या में सराफा व्यवसायी एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।