गांधी-शास्त्री जयंती पर भाजपा का स्वच्छता अभियान, मोहलिया हनुमान मंदिर परिसर में की साफ-सफाई
रतलाम- (एमपी की खबर) राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्व. लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर जिले के सैलाना नगर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा मोहलिया हनुमान मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर सेवा और स्वच्छता का संदेश दिया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक श्रमदान करते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री जी के ‘जय जवान, जय किसान’ के अमर मंत्र को स्मरण किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने स्वच्छता को केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में देखा था। वहीं शास्त्री जी का सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से परिपूर्ण जीवन आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। दोनों महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए स्वच्छता एवं सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
स्वच्छता अभियान के दौरान भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में श्रमदान करते हुए कचरा एवं अन्य अपशिष्ट हटाया तथा लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज राठौर, पूर्व मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र जायसवाल, नगर अध्यक्ष जितेंद्र भरावा, दिनेश आसरा, मंडल उपाध्यक्ष गोपाल जाट, लखन चंदेल, एल्डरमैन नाथूलाल राठौड़, रवि शर्मा, किशोर कसेरा, मंडल मंत्री शेर सिंह राठौड़, पिंटू दायमा भागीरथ फाउंडेशन के हरीश कसेरा, राजू कुमावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने तथा सेवा कार्यों में निरंतर सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। महापुरुषों की जयंती पर आयोजित यह अभियान श्रद्धांजलि के साथ-साथ समाज में स्वच्छता, सेवा और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करने वाला संदेश भी दे गया।




