सैलाना कृषि उपज मंडी प्रांगण में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन हुआ सम्पन्न

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

सैलाना कृषि उपज मंडी प्रांगण में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन हुआ सम्पन्न

कृषि उपज मंडी में विधानसभा स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया नमन; जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को किया याद

रतलाम- (कृष्णकांत मालवीय) धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को जिले के सैलाना नगर की कृषि उपज मंडी प्रांगण में जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े के तहत विधानसभा स्तरीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, बलिदान एवं देश तथा समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध किए गए आंदोलन का स्मरण करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनके योगदान को नमन किया।

वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, समाज के अधिकारों की रक्षा और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने जनजातीय समाज की एकता, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं एवं विरासत से जुड़े रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष कैलाशी चारेल, पूर्व विधायक संगीता चारेल, मंडल अध्यक्ष पंकज राठौर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष क्रांति जोशी, गोविंद डामर, मांगीलाल खराड़ी, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्याम धाकड़, भूपेंद्र जायसवाल, ललित चंडालिया, सुरेंद्र मेहता, देवचंद्र पाटीदार एवं पार्षद प्रतिनिधि किशोर कसेरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम सुनील जायसवाल, जनपद पंचायत प्रभारी सीईओ सुंदर खन्ना, कृषि उपज मंडी सचिव रूमान सिंह भयड़िया, बीआरसी अधिकारी नरेंद्र पासी, कस्बा पटवारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजन में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन मुनिंद्र दुबे ने किया।