रतलाम के बाजना बस स्टैंड-गौशाला रोड चौड़ीकरण को लेकर रहवासियों ने विधायक से की मुलाकात

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

रतलाम के बाजना बस स्टैंड-गौशाला रोड चौड़ीकरण को लेकर रहवासियों ने विधायक से की मुलाकात

मकान-दुकान बचाने के लिए वैकल्पिक सड़क बनाने की मांग, विधायक को सौंपा आवेदन

रतलाम (एमपी की खबर) बाजना बस स्टैंड से गौशाला रोड (खान बावड़ी) तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण को लेकर क्षेत्र के रहवासियों ने विधायक चैतन्य काश्यप से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। रहवासियों ने इस संबंध में आवेदन सौंपकर प्रस्तावित सड़क की डीपीआर का पुनः परीक्षण कराने और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने की मांग की। आवेदन में बताया गया कि करीब 18 मीटर सड़क चौड़ीकरण की योजना से क्षेत्र के कई निजी मकान, दुकानें, धार्मिक स्थल, बगीचे और व्यापारिक प्रतिष्ठान प्रभावित हो रहे हैं।

सड़क चौड़ीकरण के लिए मकानों और दुकानों पर निशान लगाए जाने से रहवासियों में चिंता और असंतोष है। कई परिवारों का कहना है कि प्रस्तावित मार्किंग से उनके मकानों का बड़ा हिस्सा प्रभावित होगा, जिससे आवास और रोजगार का संकट खड़ा हो सकता है। रहवासियों ने सुझाव दिया कि पटेल कॉलोनी से जैन स्कूल के पीछे होते हुए डीपी ज्वेलर्स के सामने से सागोद रोड तक सड़क जोड़ने के विकल्प पर विचार किया जाए। साथ ही क्षेत्र में उपलब्ध शासकीय भूमि का उपयोग कर वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की मांग रखी।

रहवासियों ने विधायक से जनहित को ध्यान में रखते हुए डीपीआर का पुनः परीक्षण कराने और संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया, ताकि शहर के विकास के साथ लोगों की निजी संपत्तियों और आजीविका को भी सुरक्षित रखा जा सके।