रतलाम में आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन, शाम 4 बजे कॉमर्स कॉलेज से होगा प्रारंभ
18 से 35 वर्ष के युवाओं की सहभागिता का आह्वान, शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा संचलन
रतलाम- (एमपी की खबर) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, जिला रतलाम की ओर से सोमवार, 12 अक्टूबर को पथ संचलन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन से जुड़े पोस्टर के अनुसार, संचलन शाम 4 बजे स्वामी विवेकानंद शासकीय कॉमर्स कॉलेज, डोंगरे नगर से प्रारंभ होगा। इसमें 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से शामिल होने का आह्वान किया गया है।
पोस्टर में “संघ शक्ति: कल्याणम्” और “राष्ट्र प्रथम” का संदेश दिया गया है। आयोजन के माध्यम से युवाओं को संगठन, राष्ट्रसेवा और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने का आह्वान किया गया है। पोस्टर में स्वामी विवेकानंद के विचारों के साथ भगत सिंह के क्रांतिकारी संदेश को भी स्थान दिया गया है।
इन प्रमुख मार्गों से गुजरेगा पथ संचलन
निर्धारित रूट मैप के अनुसार, पथ संचलन स्वामी विवेकानंद शासकीय कॉमर्स कॉलेज से शुरू होकर गोशाला रोड, बाजना बस स्टैंड, लक्कड़ पीठ रोड, चांदनी चौक, चौमुखी पुल, गणेश देवरी, रानी जी का मंदिर, शहीद चौक और हाट रोड से होते हुए वापस कॉमर्स कॉलेज पहुंचेगा।
आयोजन से जुड़े पोस्टर में कार्यकर्ताओं से अपने-अपने गांवों से भी युवा कार्यकर्ताओं को साथ लाने की अपील की गई है। इससे विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।




