धामनोद में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं विश्व हिन्दू परिषद स्थापना दिवस मनाया गया
धामनोद- (एमपी की खबर) विश्व हिन्दू परिषद प्रखंड नामली के खण्ड धामनोद में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व एवं विश्व हिन्दू परिषद स्थापना दिवस के अवसर पर श्री राधा-कृष्ण मंदिर धामनोद में धार्मिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ भगवान श्रीकृष्ण, विश्व हिन्दू परिषद के संस्थापक प.पूज्य माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर (श्री गुरुजी), श्रद्धेय अशोक सिंहल एवं भारतमाता के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
विश्व हिन्दू परिषद की स्थापना 29 अगस्त 1964 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर हुई थी। इसी पावन स्मृति में प्रतिवर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद स्थापना दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर वक्ता – रतलाम विभाग सह-संयोजक नरेन्द्र (बन्टी) शर्मा ने विश्व हिन्दू परिषद के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन का प्रमुख उद्देश्य हिन्दू समाज को संगठित एवं जागृत करना, सनातन संस्कृति, धर्म एवं परम्पराओं का संरक्षण करना तथा समाज में सेवा, समरसता एवं संस्कारों की भावना को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम में गौ सेवा एवं गौ संरक्षण के महत्व पर भी विचार रखे गए। गौ सम्मान आह्वान अभियान के प्रदेश प्रभारी श्रीराम शर्मा ने कहा कि गौमाता हमारी सनातन संस्कृति एवं आस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं। गौ सेवा एवं गौ संरक्षण के माध्यम से समाज में सेवा, करुणा एवं संरक्षण की भावना को बढ़ावा मिलता है।
वर्षा के दौरान भी श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत भाव देखने को मिला। महाआरती के समय वर्षा होने के बावजूद कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं समस्त हिन्दू समाजजन अपने स्थान पर डटे रहे और गीले होते हुए भी बिना इधर-उधर हुए पूर्ण श्रद्धा एवं भक्ति के साथ आरती में सम्मिलित रहे। वर्षा भी हिन्दू समाज के उत्साह और आस्था को डिगा नहीं सकी तथा कार्यक्रम पूर्ण रूप से सम्पन्न हुआ। इसके पश्चात भगवान श्रीकृष्ण एवं भारतमाता की महाआरती की गई तथा प्रसाद वितरित की गईं।
कार्यक्रम में विश्व हिन्दू परिषद जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख कमलेश पँवार, प्रखंड अध्यक्ष रमेश्वर धाकड़, प्रखंड मंत्री शिवम परिहार, प्रखंड सहसंयोजक लाखन सोलंकी, प्रखंड सहमंत्री महेश राव एवं प्रखंड पदाधिकारी जितेन्द्र प्रजापत, विशाल सेन, आशीष पटेल, राजपाल गुर्जर, अंकित शर्मा एवं आकाश जाट सहित खण्ड धामनोद के सभी कार्यकर्ता, मातृशक्ति-दुर्गावाहिनी की बहनें तथा समस्त हिन्दू समाजजन की उपस्थिति रही एवं भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व एवं विश्व हिन्दू परिषद स्थापना दिवस का कार्यक्रम उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।




