रतलाम में चार साल पुरानी चोरी का खुलासा: घरेलू नौकर ने पत्नी के साथ मिलकर उड़ाए थे गहने और नकदी
रतलाम-(एमपी की खबर,मोहित शर्मा) डीडी नगर थाना पुलिस ने करीब चार साल पुराने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक युवक और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने घरेलू काम करने के दौरान रतलाम के कनेरी रोड स्थित एक घर से सोने के आभूषण और नकदी चोरी की थी। वारदात के बाद से दोनों फरार चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल 2022 को कनेरी रोड निवासी दिनेश चौधरी ने घर से सोने के दो टॉप्स, दो अंगूठियां और 30 हजार रुपये नकद गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिवार ने करीब तीन महीने पहले घरेलू काम के लिए सूरज पिता राकेश बैरागी और उसकी पत्नी को रखा था। दोनों घर में ही रहते थे। घटना वाले दिन परिवार के सदस्य अलग-अलग काम से बाहर गए हुए थे। वापस लौटने पर सूरज और उसकी पत्नी घर पर नहीं मिले। उनके कमरे से सामान भी गायब था। इसके बाद घर में जांच करने पर अलमारी से आभूषण और नकदी गायब मिली। पारिवारिक व्यस्तता के चलते शिकायत बाद में पुलिस को दी गई थी।
मामले में पुलिस ने घरेलू नौकर सूरज पर संदेह के आधार पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह वारदात के बाद से ही फरार था। पुलिस ने उसके फोटो, मुखबिर तंत्र और तकनीकी संसाधनों की मदद से लगातार तलाश की। पुलिस के मुताबिक, सुराग मिलने के बाद सूरज को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पुलिस का दावा है कि सूरज ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब चोरी किए गए आभूषण और नकदी की बरामदगी के साथ मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सूरज बैरागी (26) निवासी नाई बरोदा, थाना सागौर, जिला धार है। उसकी पत्नी को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। चोरी के सामान की बरामदगी को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।




