त्योहारों से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की दबिश, लिए मिठाइयों के नमूने

"जानकारी अच्छी लगी? इसे अपने दोस्तों से साझा करें।"

त्योहारों से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की दबिश, लिए मिठाइयों के नमूने

सैलाना- (एमपी की खबर) रक्षाबंधन पर्व को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सैलाना क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया के नेतृत्व में टीम ने सैलाना क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की। अभियान के दौरान जोधपुर मिष्ठान भंडार, बस स्टैंड सैलाना से काजू कतली एवं घेवर के दो नमूने लिए गए। वहीं परमार कचौड़ी, गांधी मार्ग सैलाना से मावा पेड़ा का एक नमूना, रंजीत नमकीन एवं मिष्ठान भंडार, सदर बाजार सैलाना से मावा बर्फी का एक नमूना तथा श्री होरी पैलेस, वल्लभ मार्ग सैलाना से मावा बर्फी का एक नमूना संग्रहित किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थ निर्धारित गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया, रतलाम ने बताया कि त्योहारों के दौरान आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो, इसके लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।